देश की खबरें | मप्र : ब्राह्मण समाज आदिवासी पर लघुशंका करने वाले व्यक्ति के परिवार के समर्थन में उतरा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज की मध्यप्रदेश इकाई ने सीधी जिले में आदिवासी समुदाय के एक व्यक्ति पर लघुशंका करने वाले आरोपी के परिवार की मदद करते हुए कहा कि उसका कृत्य अमानवीय और घोर निंदनीय है, लेकिन वह पूरी तरह से उसके (आरोपी) निर्दोष माता-पिता और रिश्तेदारों का समर्थन करता है और उनके साथ खड़ा है।
सीधी (मप्र), सात जुलाई अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज की मध्यप्रदेश इकाई ने सीधी जिले में आदिवासी समुदाय के एक व्यक्ति पर लघुशंका करने वाले आरोपी के परिवार की मदद करते हुए कहा कि उसका कृत्य अमानवीय और घोर निंदनीय है, लेकिन वह पूरी तरह से उसके (आरोपी) निर्दोष माता-पिता और रिश्तेदारों का समर्थन करता है और उनके साथ खड़ा है।
मंगलवार को एक वीडियो सामने आया जिसमें प्रवेश शुक्ला नामक व्यक्ति मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक आदिवासी व्यक्ति पर पेशाब करते हुए दिखाई दे रहा है, अगले दिन शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद जिस घर में आरोपी रहता था, उसका अवैध हिस्सा ढहा दिया गया। हालांकि, यह घर उसके माता-पिता और चाचा का है और उनके विरोध के बावजूद इसे ध्वस्त कर दिया गया।
अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंडित पुष्पेंद्र मिश्र ने राज्य के समस्त जिला अध्यक्षों को भेजे पत्र में कहा, ‘‘आरोपी प्रवेश शुक्ला जैसे व्यक्ति की किसी जाति एवं समाज में स्वीकारोक्ति नहीं है। इसके द्वारा किया गया कृत्य घोर निंदनीय तथा अक्षम्य है। लेकिन क्या यह विधि सम्मत है कि करे कोई और भरे कोई।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘निश्चित ही यह दुखद घटना आरोपी के द्वारा की गई है। समाज इसकी घोर निंदा करता है। लेकिन आरोपी के परिवार की पूरी तरह मदद करने का आश्वासन भी देता है।’’
मिश्र ने कहा कि अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज का प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते मेरे द्वारा प्रदेश के समस्त जिला अध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि शुक्ल परिवार की पूरी तरह मदद की जाये ।
उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष सीधी पंडित राकेश दुबे व पूरी कार्यकारिणी के साथ शुक्ला परिवार के घर बृहस्पतिवार को जाकर संगठन द्वारा 51,000 रूपये की राशि सहायता के लिये दिए हैं तथा समस्त ब्राह्मण बंधुओं से निवेदन किया गया कि ज्यादा से ज्यादा स्वजातीय बंधु पीड़ित परिवार की सहायता करें।
मिश्र ने फोन पर पीटीआई- को बताया कि उनका संगठन शुक्ला परिवार का घर तोड़े जाने के खिलाफ शनिवार को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर में याचिका दायर करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)