नयी दिल्ली, 21 फरवरी राष्ट्रीय राजधानी में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के कार्यान्वयन के लिए दिल्ली सरकार और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) के बीच एक समझौता ज्ञापन पर जल्द ही हस्ताक्षर किए जाएंगे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली सरकार के नए मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को अपनी पहली बैठक में राजधानी में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के क्रियान्वयन को मंजूरी दे दी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ‘‘पिछली सरकार ने दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना को रोक दिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे पूरे देश में लागू किया और अब हमने इसे दिल्ली के लिए मंजूरी दे दी है।’’
मंत्रिमंडल द्वारा स्वीकृत योजना के तहत, प्रत्येक लाभार्थी को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवर प्रदान किया जाएगा, जिसमें केंद्र और दिल्ली सरकार 5-5 लाख रुपये का योगदान देंगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के संयुक्त सचिव और मिशन निदेशक (एबीडीएम) किरण गोपाल वासका ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए क्षेत्र स्तर के कर्मचारियों और दावा प्रक्रिया से निपटने के लिए विभिन्न आईटी, चिकित्सा और वित्त कर्मियों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा कि अधिकारी लाभार्थियों की पहचान करेंगे और एनएचए को एक सूची प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अनुमानित 6.54 लाख परिवारों को सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार हमें लाभार्थियों के आंकड़े के साथ-साथ कितने और लोगों को कवर करेगी, इसकी पूरी सूची देने जा रही है। 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के लगभग छह लाख लोगों को इसमें कवर किया जाएगा, जिनमें से कुछ पहले से ही अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार बीमा के लिए पात्र हो सकते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY