देश की खबरें | बारिश के बीच छत गिरने से मां-बेटी की मौत, बेटा घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एटा जिले के जैथरा में शनिवार रात मामूली बारिश के बीच घर की छत ढहने से मलबे में दबकर मां-बेटी की मौत हो गयी जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
एटा/लखनऊ (उत्तर प्रदेश), 13 जून एटा जिले के जैथरा में शनिवार रात मामूली बारिश के बीच घर की छत ढहने से मलबे में दबकर मां-बेटी की मौत हो गयी जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजन को राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि शनिवार को नगला परम गांव में बारिश के बीच एक घर की छत अचानक ढह गई। घर के बरामदे में सो रही 45 वर्षीय श्यामा देवी व उसकी 14 वर्षीय पुत्री खुश्बू की छत के मलबे में दब जाने से मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि इस घटना में श्यामा देवी का 18 वर्षीय पुत्र मुलायम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
इस बीच, राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने लखनऊ में बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस आपदा से घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को मृतकों के परिजनों को अनुमन्य राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)