देश की खबरें | फतेहपुर में ट्रैक्टर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार मां-बेटे की मौत

फतेहपुर (उप्र), तीन दिसंबर फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में तेज गति से गुजर रहे एक ट्रैक्टर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार मां-बेटे की मौत हो गयी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने रविवार को बताया कि सलेमाबाद गांव के नजदीक शनिवार की देर शाम एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार एक महिला और उसके बेटे की मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान निर्मला (60) और उसके बेटे महेंद्र पाल (26) के रूप में हुई है।

महेंद्र रेलवे विभाग में बिलासपुर के अनूपपुर में इलेक्ट्रीशियन के पद पर तीन साल से कार्यरत था।

सिंह ने बताया कि महेन्द्र की शादी सात दिसंबर को मल्हीपुर गांव की खुशबू के साथ होनी थी और मां-बेटे शादी के सामान की खरीदारी करके वापस लौट रहे थे, लेकिन इसी दौरान यह हादसा हो गया।

सिंह ने बताया कि महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, जबकि गंभीर रूप से घायल महेंद्र ने भी अस्पताल ले जाये जाने के दौरान दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि रविवार को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद मां-बेटे के शवों को परिजनों को सौंप कर हादसे की जांच शुरू कर दी गयी है। पुलिस ने कहा कि इस दुर्घटना के संबंध में ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

सं आनन्‍द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)