देश की खबरें | दिल्ली चुनाव में अधिकतर एग्जिट पोल के अनुमान सटीक साबित हुए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली विधानसभा में अधिकतर सर्वेक्षण एजेंसियों के एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) वास्तविक नतीजों के नजदीक रहे।
नयी दिल्ली, आठ फरवरी दिल्ली विधानसभा में अधिकतर सर्वेक्षण एजेंसियों के एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) वास्तविक नतीजों के नजदीक रहे।
इनमें भी सबसे चर्चित चुनावी सर्वेक्षण एजेंसियों ‘एक्सिस मॉय इंडिया’ और ‘टुडेज चाणक्य’ के अनुमान सटीक रहे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) को राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता से बाहर कर 27 साल बाद वापसी की।
निर्वाचन आयोग के शाम पांच बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा दिल्ली की 70 में से 40 सीट जीत गई है और आठ पर उसकी बढ़त बरकरार है। इस प्रकार वह 48 सीट पर जीत या बढ़त के साथ निर्णायक बहुमत हासिल करती दिख दिख रही है जबकि आप 22 सीट पर सिमटने के कगार पर है। एक बार फिर कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी में अपना खाता खोलती नहीं दिख रही है।
दिल्ली में पांच फरवरी को मतदान के बाद जारी ज्यादातर एग्जिट पोल में भी भाजपा के 26 साल से अधिक समय बाद राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता में वापसी की संभावना जताई गई थी। हालांकि, दो सर्वेक्षणों में कहा गया था कि आम आदमी पार्टी (आप) अपनी सत्ता बरकरार रख सकती है।
‘एक्सिस मॉय इंडिया’ का अनुमान था कि दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 45-55 सीट मिल सकती हैं तथा आप को 15-25 सीट से ही संतोष करना पड़ सकता है। उसका कहना था कि कांग्रेस को अधिकतम एक सीट मिल सकती है।
उसने अपने सर्वेक्षण में संभावना जताई थी कि भाजपा को 48 प्रतिशत, आप को 42 प्रतिशत और कांग्रेस को सात प्रतिशत वोट मिल सकते हैं।
‘टुडेज चाणक्य’ के एग्जिट पोल में कहा गया था कि भाजपा को 49 प्रतिशत वोट के साथ 51 (छह कम या ज्यादा) सीट हासिल हो सकती हैं, वहीं आप को 41 प्रतिशत वोट तथा 19 सीट (छह कम या ज्यादा) मिलने का अनुमान है
उसने कहा था कि अन्य को 10 प्रतिशत वोट तथा अधिकतम तीन सीट मिल सकती हैं।
‘मैट्रिज’ के सर्वेक्षण में कहा गया था भाजपा 35 से 40 सीट जीतकर सरकार बना सकती है। इस एजेंसी ने आप को 32 से 37 तथा कांग्रेस को शून्य से दो सीट मिलने का अनुमान जताया था।
‘पी-मार्क’ के एग्जिट पोल में संभावना जताई गई थी कि भाजपा 39-49 सीट जीतकर पूर्ण बहुत की सरकार बना सकती है। इस सर्वेक्षण में आप को 21 से 31 और कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने की संभावना जताई गई थी।
‘पीपुल्स इनसाइट’ के सर्वेक्षण में कहा गया था कि भाजपा को 40-44 सीट मिल सकती हैं। उसका अनुमान था कि आप को 25-29 तथा कांग्रेस को 0-2 सीट मिल सकती हैं।
‘पीपुल्स प्लस’ के एग्जिट पोल में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। इसके सर्वेक्षण में कहा गया था कि भाजपा को 51-60 सीट मिल सकती हैं तो आप को सिर्फ 10-19 सीट से ही संतोष करना पड़ सकता है। इस सर्वेक्षण में कहा गया था कि कांग्रेस का लगातार तीसरे विधानसभा चुनाव में खाता खुलने की संभावना नहीं है।
चाणक्य स्ट्रेटजीज के सर्वेक्षण में कहा गया था कि भाजपा को 39 से 44 सीटें मिलने का अनुमान है। उसने कहा था कि आप को 25 से 28 और कांग्रेस को दो से तीन सीटें मिल सकती हैं।
"माइंड ब्रिंक" के सर्वेक्षण में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिलने की संभावना जताई गई थी। उसका कहना था कि आप को 44 से 49 सीटें मिल सकती हैं तथा भाजपा को 21 से 25 और कांग्रेस को अधिकतम एक सीट मिलने का अनुमान है
"वी प्रीसाइड" के एग्जिट पोल में आप को 46 से 52 मिलने की संभावना जताई गई थी। इस सर्वे में कहा गया था कि भाजपा को 18 से 23 सीटें मिल सकती हैं तथा कांग्रेस के लिए खाता खोलना मुश्किल हो सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 08, 2025 05:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

