एजेंसी न्यूज

श्रीलंका में कोरोना वायरस के 750 से अधिक मामले, अधिकतर नौसैनिक संक्रमित

अधिकारियों ने बताया कि इनके 1,008 रिश्तेदारों को पृथक भी किया गया है।

श्रीलंका में कोरोना वायरस के 750 से अधिक मामले, अधिकतर नौसैनिक संक्रमित

कोलंबो, पांच मई श्रीलंका में कोरोना वायरस से संक्रमित जिन 548 लोगों का इलाज जारी है, उनमें से 327 नौसैन्य कर्मी एवं अधिकारी हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इनके 1,008 रिश्तेदारों को पृथक भी किया गया है।

द्वीपीय राष्ट्र में अभी तक कोविड-19 के कुल 752 मामले सामने आए हैं और आठ लोगों की जान गई है।

श्रीलंका में कोविड-19 रोकथाम प्रणाली के प्रमुख एवं सेना प्रमुख जनरल शिवेन्द्र सिल्वा ने मंगलवार को कहा, ‘‘सोमवार देर रात को देश में 33 नए मामले सामने आए है। इनमें से 31 नौसैनिक हैं, जिनका नाता वेलिसारा शिविर से है। अन्य दो इनके सम्पर्क में आने से संक्रमित हुए हैं।’’

ऐसा संदेह है कि कोलंबो के पास वेलिसारा शिविर के अधिकारी छापेमारी के दौरान एक मादक पदार्थ तस्कर के सम्पर्क में आए जो वायरस से संक्रमित था और इस कारण यहां वायरस फैल गया। नौसैनिकों के छुट्टियों पर जाने के कारण वायरस और फैला।

सिल्वा ने बताया कि मध्य मार्च से 752 मामले सामने आए हैं। इनमें से 194 को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

सेना प्रमुख ने बताया कि नौसेना कर्मियों के 1,008 रिश्तेदारों को पृथक किया गया है।

वहीं उत्तर पश्चिमी क्षेत्र कुरुनेगला में सोमवार को 72 वर्षीय संक्रमित महिला की मौत हो गई। यह महिला भी एक संक्रमित नौसैनिक की रिश्तेदार थी।

इस बीच , राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने गुट निरपेक्ष आंदोलन (नैम) के ऑनलाइन शिखर सम्मेलन में कहा कि पोलीमरेज़ चेन रिएक्शन (पीसीआर) परीक्षणों में केवल तीन प्रतिशत लोग संक्रमित मिले हैं और श्रीलंका में कोविड-19 की मृत्यु दर भी एक प्रतिशत से कम है।

नैम 120 विकासशील देशों का समूह है।

उन्होंने कहा कि वह आर्थिक गतिविधियां बहाल करने के लिए स्वास्थ्य संबंधी दिशानिर्देश जारी रखते हुए कुछ ढील देना चाहते हैं।

चीन के वुहान शहर से पिछले साल कोरोना वायरस का प्रसार शुरू हुआ था और दुनिया भर करीब 35 लाख लोग इस वायरस से संक्रमित हैं और 2,50,000 लोगों की इससे जान जा चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 03:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).