आइजोल, 19 अप्रैल मिजोरम की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे तक 49 प्रतिशत से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे।
चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि जो मतदाता शाम पांच बजे से पहले मतदान क्षेत्र में प्रवेश कर चुके हैं, उन्हें समय सीमा के बाद भी वोट डालने की अनुमति दी जाएगी।
इस बीच, मिजोरम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मधुप व्यास ने लोगों, विशेषकर सरकारी कर्मचारियों व उनके परिवारों से बड़ी संख्या में आकर वोट डालने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए छुट्टी और निजी क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए सवैतनिक अवकाश की घोषणा की है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे चुनावों में अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।
पिछले लोकसभा चुनाव में मिजोरम में 63.13 प्रतिशत मतदान हुआ था। मिजोरम में करीब 8.56 लाख मतदाता हैं, जो छह उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। मतदाताओं में 4.4 लाख महिलाएं हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY