देश की खबरें | महाराष्ट्र में धार्मिक स्थलों से 3300 से अधिक लाउडस्पीकर हटाए गए : मुख्यमंत्री फडणवीस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को विधानसभा को सूचित किया कि ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के ठोस प्रयास के तहत राज्य के धार्मिक स्थलों से कुल 3,367 लाउडस्पीकर हटाए गए हैं।
मुंबई, 11 जुलाई महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को विधानसभा को सूचित किया कि ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के ठोस प्रयास के तहत राज्य के धार्मिक स्थलों से कुल 3,367 लाउडस्पीकर हटाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस ने अकेले मुंबई में ही धार्मिक स्थलों से 1,608 लाउडस्पीकर हटाएं हैं और यह उपलब्धि बिना किसी धार्मिक या सांप्रदायिक तनाव के हासिल की गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुंबई अब सभी धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर से मुक्त है।’’
फडणवीस ने चेतावनी दी कि सक्षम प्राधिकार की अनुमति के बिना लाउडस्पीकर दोबारा लगाए जाने पर स्थानीय पुलिस थाने के अधिकारी जिम्मेदार ठहराये जाएंगे।
उन्होंने सदन को सूचित किया, ‘‘कानून का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएंगे। स्थिति पर नजर रखने के लिए प्रत्येक पुलिस आयुक्त के अधीन उड़न दस्ते गठित किए जाएंगे।’’
विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान कई विधायकों ने यह मामला उठाया था।
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने स्थानीय समुदायों पर ध्वनि प्रदूषण के प्रभाव की चिंता जताई, जबकि उनकी सहयोगी विधायक देवयानी फरांडे ने उच्च ध्वनि वाले स्पीकर पर साल भर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक जितेंद्र अव्हाड ने येऊर वन क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण को लेकर चिंता जताते हुए वन्यजीवों पर इसके असर का उल्लेख किया।
फडणवीस ने जवाब में कहा, ‘‘वन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के संगीत वाद्ययंत्र या लाउडस्पीकर की अनुमति नहीं होगी। वन विभाग और पुलिस को इसे सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 07:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

