बेंगलुरु, 28 मई कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने मंगलवार को कहा कि पार्टी नेतृत्व के सामने ‘‘मुश्किल हालात’’ है क्योंकि राज्य में आगामी विधान परिषद चुनावों के टिकट के लिए 300 से अधिक दावेदार हैं।
राज्य के उप मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा कि टिकटों पर फैसला पार्टी आलाकमान करेगा।
विधानसभा के सदस्यों द्वारा चुनी जाने वाली कर्नाटक विधान परिषद की 11 सीटों के लिए चुनाव 13 जून को होंगे।
विधानसभा में पार्टियों के मौजूदा संख्याबल के मुताबिक, कांग्रेस सात सीट, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तीन और जनता दल (सेक्युलर) एक सीट जीत सकती है।
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और शिवकुमार आज कांग्रेस आलाकमान के साथ उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा करने के लिए नयी दिल्ली के लिए रवाना हुए।
विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और यह तीन जून तक चलेगी।
दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले शिवकुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘टिकट के लिए 300 से अधिक दावेदार हैं, वे सभी वर्गों से हैं। सात सीट पर सभी वर्गों को समायोजित करना संभव नहीं है। इसमें मौजूदा सदस्य भी हैं। इन सभी ने पार्टी के लिए काम किया है। ऐसा कोई नहीं है जिसने काम न किया हो। उनमें से कुछ को प्रखंड स्तर पर, कुछ को जिला और राज्य स्तर पर पद मिले हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘देखते हैं क्या होता है। तटीय क्षेत्रों के लिए टिकट मांगे गए हैं, कल्याण कर्नाटक, कित्तूर कर्नाटक, बेंगलुरु और पुराने मैसूर क्षेत्रों के लिए भी। हमें सभी क्षेत्रों में प्रतिनिधित्व निर्धारित करना है। यह एक कठिन स्थिति है... दिल्ली (आलाकमान) यह करेगा।’’
गृह मंत्री जी परमेश्वर का बयान कि विधान परिषद चुनावों के खातिर उम्मीदवारों के चयन के लिए सिद्धरमैया और शिवकुमार को वरिष्ठ पार्टी नेताओं से परामर्श करना चाहिए, इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘निश्चित रूप से, हम उनसे परामर्श करेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY