देश की खबरें | तमिलनाडु में संदिग्ध रूप से अवैध देशी शराब पीने से 20 से अधिक बीमार पड़े, कम से कम पांच की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु के कल्लाकुरिचि जिले में संदिग्ध रूप से अवैध देसी शराब पीने से 20 से अधिक लोग बीमार पड़ गये तथा कम से कम पांच लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
चेन्नई, 19 जून तमिलनाडु के कल्लाकुरिचि जिले में संदिग्ध रूप से अवैध देसी शराब पीने से 20 से अधिक लोग बीमार पड़ गये तथा कम से कम पांच लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सरकार ने कहा कि इस सिलसिले में 49 वर्षीय (अवैध शराब विक्रेता) के कन्नुकुट्टी को गिरफ्तार किया गया है तथा उसके पास से जब्त की गयी करीब 200 लीटर अवैध शराब के विश्लेषण में सामने आया कि उसमें घातक 'मेथनॉल' मौजूद था।
एक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने इस घटना की समग्र विवेचना के लिए सीबी-सीआईडी जांच का आदेश दिया है।
बयान के मुताबिक सरकार ने इस मामले में कल्लाकुरिची के जिलाधिकारी श्रवण कुमार जातावथ का तबादला कर दिया जबकि पुलिस अधीक्षक समय सिंह मीणा को निलंबित कर दिया गया।
नौ अन्य पुलिसकर्मियों को भी निलंबित कर दिया गया है जिनमें कल्लाकुरिचि जिले की मद्यनिषेध शाखा के भी पुलिसकर्मी शामिल हैं।
विपक्ष के नेता इडापड्डी के पलानीस्वामी ने स्थानीय समाचारों का हवाला देते हुए संवाददाताओं से कहा कि अवैध शराब पीने के बाद करीब 40 लोगों को भर्ती कराया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘ जब से द्रमुक सरकार सत्ता में आयी है तब से अवैध शराब से मौतें होती जा रही हैं । मैं विधानसभा में भी यह मुद्दा उठाता रहा हूं और कार्रवाई की मांग करता रहा हूं।’’
उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार इस मुद्दे पर कठोर कार्रवाई करे।
सरकार के अनुसार 20 से अधिक लोगों को को कल्लाकुरिचि मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जिन्होंने उल्टी आने और पेटदर्द होने की शिकायत की थी। सरकार के मुताबिक पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों की जांच के आधार पर संदेह है कि उन्होंने अवैध शराब (ताड़ी) पी होगी।
उनमें जी प्रवीण कुमार (26), डी सुरेश(40), के शेकर (59) और दो अन्य की जान चली गयी। शव अंत्यपरीक्षण के लिए भेजे गये हैं और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वजह का पता चल सकेगा।
विल्लुपुरम, तिरुवनमलाई और सलेम से जरूरी दवाइयां और सरकारी डॉक्टरों के विशेष दलों को इलाज में मदद के लिए कल्लाकुरिचि भेजा गया है । स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी को भी इस काम में लगाया गया है।
कम से कम 18 लोगों को विशेष उपचार के लिए पुडुचेरी जिपमर अस्पताल और छह अन्य को सलेम सरकारी अस्पताल में ले जाने की सलाह दी गयी । कल्लाकुरिची सरकारी अस्पताल में 12 एम्बुलेंस तैनात की गई हैं।
स्टालिन ने प्रभावित परिवारों को सभी सहायता प्रदान करने के लिए वरिष्ठ मंत्रियों --ई वी वेलु और मा सुब्रमण्यम को कल्लाकुरिची भेजा।
एम एस प्रशांत और रजत चतुर्वेदी को क्रमश: कल्लाकुरिची जिले के नए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)