COVID-19: कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप, दिल्ली में 1,800 से अधिक मामले, 9 की मौत
दिल्ली में रविवार को कोरोना वायरस के 1800 से अधिक मरीजों की पुष्टि हुई जो बीते साढ़े तीन महीने में एक दिन में आए सर्वाधिक मामले हैं. वहीं नौ संक्रमितों ने दम तोड़ दिया.
नयी दिल्ली, 28 मार्च: दिल्ली में रविवार को कोरोना वायरस के 1800 से अधिक मरीजों की पुष्टि हुई जो बीते साढ़े तीन महीने में एक दिन में आए सर्वाधिक मामले हैं. वहीं नौ संक्रमितों ने दम तोड़ दिया. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण के कुल मामले 6,57,715 पहुंच गए हैं जबकि 11,006 लोगों की वायरस के कारण मौत हो चुकी है. विभाग ने बताया कि 6.39 लोग संक्रमण से मुक्त भी हो गए हैं. Delhi: सीएम अरविंद केजरीवाल सार्वजनिक होली कार्यक्रमों में शामिल नहीं होंगे, लोगों से भीड़भाड़ से बचने की अपील की.
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल 13 दिसंबर को एक दिन में 1984 नए मामले आए थे. शहर में शनिवार को 1558, शुक्रवार को 1534, बृहस्पतिवार को 1515, बुधवार को 1254 और मंगलवार को 1101 नए मामले आए थे.
विभाग के मुताबिक, नमूनों के संक्रमित आने की दर बढ़कर 2.35 प्रतिशत पहुंच गई है जो शनिवार को 1.70 फीसदी थी. विभाग ने बुलेटिन में बताया है कि संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या बढ़कर 7545 हो गई है जो शनिवार को 6625 थी.
बुलेटिन के मुताबिक, एक दिन पहले 79,936 नमूनों की जांच की गई है. दिल्ली में घर में पृथक-वास में रह रहे लोगों की संख्या भी बढ़कर 4237 पहुंच गई है. बुलेटिन में बताया गया है कि दिल्ली में शनिवार को निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या 1506 थी जो रविवार को बढ़कर 1710 पहुंच गई है. दिल्ली में फरवरी में कोरोना वायरस के मामले कम होना शुरू हो गए थे.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 28, 2021 08:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

