चंडीगढ़ से 1,300 से अधिक लोग हिमाचल प्रदेश वापस लाए गए : जयराम ठाकुर
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उपायुक्तों, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बातचीत के दौरान यह बात कही।
शिमला, तीन मई चंडीगढ़ में फंसे 1,300 से अधिक लोगों को सरकारी बसों के जरिए रविवार को वापस अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश लाया गया है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उपायुक्तों, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बातचीत के दौरान यह बात कही।
चंडीगढ़ में रविवार सुबह हिमाचल भवन में बसों से आने के लिए एकत्र हुए लोगों ने सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन किया, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बीच ठाकुर ने उपरोक्त सभी अधिकारियों को राज्य में वापस आने वाले लोगों को घरों में ही पृथक-वास में रखे जाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के अथक प्रयासों और जनता के सहयोग से हिमाचल प्रदेश जल्द ही कोरोना वायरस मुक्त हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य में वापस आए लोग घरों में ही पृथक-वास के नियमों का पालन करें, अपने-अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी शहरी स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुने गए प्रतिनिधियों की होगी।
ठाकुर ने कहा कि चंडीगढ़, पंचकुला और मोहाली में फंसे 1,314 लोगों को हिमाचल सड़क परिवहन विभाग की 51 बसों से वापस लाया गया।
इनमें कांगड़ा जिले के 609 लोग, हमीरपुर जिले से 335, ऊना जिले से 132 और चंबा जिले से 238 लोग शामिल हैं।
इस बीच, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय कुंडु ने कहा कि सोमवार से कर्फ्यू में ढील देने के घंटों के दौरान शराब की दुकानें खुलेंगी लेकिन बार आदि बंद रहेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 12:37 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

