देश की खबरें | बसंत पंचमी पर 1200 से अधिक चिकित्साकर्मी सेवा के लिए तैयार

महाकुंभ नगर, दो फरवरी बसंत पंचमी के अमृत स्नान को लेकर पूरे प्रयागराज मंडल के चिकित्सकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर महाकुंभ नगर के साथ ही शहर और मंडल के सभी डॉक्टर किसी भी स्थिति से निपटने को सजग रहेंगे।

सरकार ने एक बयान में कहा कि 1200 से अधिक चिकित्साकर्मी महाकुंभ नगर में पूरी तरह से तैयार हैं जो पलक झपकते ही श्रद्धालुओं की सेवा के लिए हाजिर होंगे। इसके अलावा मेले में ही सारे चिकित्साकर्मी मुस्तैद रहेंगे, जो छह फरवरी के बाद ही यहां से जाएंगे। जरूरत के हिसाब से ‘बैकअप प्लान’ भी तैयार कर लिया गया है।

महाकुंभ नगर में रविवार को चिकित्सकों की चार सदस्यीय विशेष टीम ने मेले में एक-एक अस्पताल की जांच की और साथ ही मेला क्षेत्र में बने सेक्टर अस्पतालों में दवा के स्टॉक और मशीनें भी देखीं। इस टीम में चिकित्सा व्यवस्था के नोडल अधिकारी उमाकांत सान्याल, केंद्रीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर मनोज कौशिक, सह नोडल अधिकारी (चिकित्सा व्यवस्था) डाक्टर राम सिंह और महाकुंभ मेला के नोडल अधिकारी (चिकित्सा स्थापना) डॉक्टर गौरव दुबे शामिल हैं।

स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में 500 चिकित्सा कर्मियों को मुस्तैद रखा गया है और 150 बेड आरक्षित रखे गए हैं। एसआरएन में 60 स्थाई चिकित्सकों को 24 घंटे अलर्ट की स्थिति में रखा गया है और यहां 30 सीटी स्कैन मशीनें पूरी तरह तैयार हैं, जिनसे जरूरत पड़ने पर एमआरआई, अल्ट्रासाउंड समेत सभी जांचें हो सकेंगी।

बयान के मुताबिक, इसी के साथ 200 यूनिट का ब्लड बैंक भी एसआरएन में तैयार कर लिया गया है। यहां श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध इंतजामों को ‘अलार्म सिस्टम’ से भी जोड़ गया है।

महाकुंभ मेला के नोडल अधिकारी (चिकित्सा स्थापना) डॉक्टर गौरव दुबे ने बताया कि योगी सरकार की आपातकालीन सेवाओं विशेष रूप से एंबुलेंस सेवा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को एसआरएन अस्पताल या तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय (बेली अस्पताल) भेजा जाएगा।

उन्होंने बताया कि आपात स्थिति के लिए अतिरिक्त मेडिकल टीम को ‘बैकअप’ के रूप में तैयार रखा गया है। साथ ही तीन-चार दिनों तक सभी चिकित्सकों मेले क्षेत्र में ही तैनात रखा जाएगा।

मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के जनसंपर्क अधिकारी डाक्टर संतोष सिंह ने कहा, “हम बसंत पंचमी के अमृत स्नान के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। श्रद्धालुओं को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में 500 से अधिक चिकित्साकर्मी अलर्ट स्थिति में रखे गए हैं। इसके अलावा 150 बेड आरक्षित किए गए हैं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)