देश की खबरें | मणिपुर की जातीय हिंसा के संबंध में और बैठकें होंगी: मंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मणिपुर में जातीय संघर्ष के मुद्दे के समाधान के लिए मेइती और कुकी समुदाय के नेताओं की भविष्य में और बैठकें होंगी। राज्य के मंत्री अवांगबो न्यूमई ने बुधवार यह जानकारी दी।
इंपाल, 16 अक्टूबर मणिपुर में जातीय संघर्ष के मुद्दे के समाधान के लिए मेइती और कुकी समुदाय के नेताओं की भविष्य में और बैठकें होंगी। राज्य के मंत्री अवांगबो न्यूमई ने बुधवार यह जानकारी दी।
नगा समुदाय से ताल्लुक रखने वाले न्यूमई मेइती और कुकी के बीच मतभेदों को दूर करने और संकट का सौहार्दपूर्ण तरीके से समाधान निकालने के प्रयासों के तहत गृह मंत्रालय द्वारा बुलाई गई पहली ऐसी बैठक शामिल होने के बाद नयी दिल्ली से लौटे हैं।
न्यूमई ने इंफाल हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं इस पहल के लिए गृह मंत्रालय का आभारी हूं। हमें लगातार बैठकें करने की जरूरत है क्योंकि हर कोई शांति चाहता है। हमें यह पता लगाना होगा कि सबके लिए सबसे अच्छा क्या है।’’
मणिपुर में 17 महीने पहले जातीय हिंसा भड़कने के बाद राज्य के मेइती, कुकी और नगा समुदायों के लगभग 20 विधायकों ने पहली बार नयी दिल्ली में बैठक की थी।
जल संसाधन विभाग और राहत एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ने कहा, “गृह मंत्रालय की पहल में मुझे काफी सकारात्मकता नजर आई है। आगे और भी बैठकें होंगी। कल की बैठक तो बस शुरुआती बैठक थी।”
यह पूछे जाने पर कि अगली बैठक कब होगी, न्यूमई ने कहा कि वह यह नहीं बता सकते, “लेकिन जल्द ही फिर से बैठक होगी।”
नगा पीपुल्स फ्रंट के विधायक ने कहा कि इस समय दोनों पक्षों के लिए मुख्य बात यह है कि वे एक साथ आएं और बातचीत में शामिल हों।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)