देश की खबरें | दिल्ली में देर से पहुंचे मानसून ने 11 साल में सबसे ज्यादा बारिश की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण पश्चिमी मानसून दिल्ली में भले ही अस्थिर रहा हो और इसकी गिनती सबसे देर से आने वाले मानसून में की गई हो लेकिन इसने राष्ट्रीय राजधानी में 11 साल में अब तक सबसे ज्यादा 1,005.3 मिलीमीटर बारिश की है।

नयी दिल्ली, 10 सितंबर दक्षिण पश्चिमी मानसून दिल्ली में भले ही अस्थिर रहा हो और इसकी गिनती सबसे देर से आने वाले मानसून में की गई हो लेकिन इसने राष्ट्रीय राजधानी में 11 साल में अब तक सबसे ज्यादा 1,005.3 मिलीमीटर बारिश की है।

यह 2010 के बाद पहली बार है जब दिल्ली में मानसून की बारिश ने 1,000 मिमी का रिकॉर्ड तोड़ा है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, सफदरजंग वेधशाला में मानसून की ऋतु के दौरान आम तौर पर औसतन 648.9 मिमी वर्षा दर्ज की जाती है। एक जून को मानसून का मौसम शुरू होने से 10 सितंबर तक यहां 586.4 मिमी बारिश होती है।

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, “दिल्ली में 2010 में मानसून की ऋतु में 1,031.5 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। तब से, यह सबसे अधिक बारिश है।”

दिल्ली में 2011 के मानसून में 636 मिमी, 2012 में 544 मिमी, 2013 में 876 मिमी, 2014 में 370.8 मिमी और 2015 में 505.5 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।

आईएमडी के मुताबिक, 2016 में 524.7 मिमी, 2017 में 641.3 मिमी, 2018 में 762.6 मिमी, 2019 में 404.3 मिमी और 2020 में 576.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी।

दिल्ली में जुलाई और सितंबर में भारी बारिश हुई और कई बार तो कुछ घंटों में 100 मिमी वर्षा दर्ज की गई जिससे सड़कें, आवासीय क्षेत्र, स्कूल, अस्पताल और बाजारों में घुटनों तक पानी भर गया तथा यातायात प्रभावित हुआ।

दिल्ली में इस महीने की शुरुआत में लगातार दो दिनों में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई- एक सितंबर को 112.1 मिमी और दो सितंबर को 117.7 मिमी वर्षा हुई। इस महीने अब तक 248.9 मिमी वर्षा हुई है, जो सितंबर के औसत 129.8 मिमी बारिश से काफी ज्यादा है।

दिल्ली में 13 जुलाई को मानसून पहुंचा था जो 19 वर्षों के इतिहास में सबसे देर से आया। इसके बावजूद, राजधानी में महीने में 16 दिन बारिश हुई जो पिछले चार साल में सबसे ज्यादा है।

जुलाई में 507.1 मिमी बारिश हुई जो औसत 210.6 मिमी से बहुत ज्यादा है। यह जुलाई 2003 के बाद सबसे अधिक बारिश थी और अब तक दूसरी बार इतनी बारिश हुई है।

अगस्त में 10 दिन बारिश हुई जो सात साल में सबसे कम है और सिर्फ 214.5 मिमी बरसात दर्ज की गई जो औसत 247 मिमी बरसात से कम है।

निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ‘स्काईमेट वेदर’ के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण मानसून की प्रृवत्ति बदल रही है। उन्होंने कहा, “ पिछले चार-पांच साल में बारिश होने वाले दिनों की संख्या में गिरावट आई है और मौसम संबंधी चरम घटनाक्रमों में इजाफा हुआ है।”

उन्होंने कहा कि देखा जा रहा है कि कम अवधि में मूसलाधार बारिश हो रही है, कई बार तो सिर्फ 24 घंटे में ही करीब 100 मिमी बारिश हो जाती है। उनके मुताबिक, पहले इतनी बरसात 10-15 दिनों में होती थी।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह से बारिश होने से भूजल के पुनर्भरण में मदद नहीं मिलती है बल्कि निचले इलाकों में पानी भर जाता है।

आईएमडी के एक पूर्व अधिकारी ने बताया कि अगर चार-पांच दिन हल्की बारिश हो तो पानी जमीन में रिस जाता है लेकिन भारी बारिश होने पर पानी तेजी से बह जाता है।

उन्होंने कहा कि बारिश प्रदूषकों को बहाकर ले जाती है लेकिन बरसात के दिनों में गिरावट की वजह से औसत वार्षिक वायु गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

T20 World Cup 2026 Semi Final Schedule: वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में भारत, 5 मार्च को वानखेड़े में इंग्लैंड से भिड़ंत; यहां देखें पूरा शेड्यूल

India vs West Indies, 52nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, संजू सैमसन ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें IND बनाम WI मैच का स्कोरकार्ड

Australia Women vs India Women, 3rd ODI Match Video Highlights: होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 185 रनों से रौंदा, सीरीज में 3-0 से किया क्लीन स्वीप; यहां देखें AUS W बनाम IND W मैच का वीडियो हाइलाइट्स

India vs West Indies, 52nd Match Scorecard: कोलकाता में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया के सामने रखा 196 रनों का टारगेट, रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

\