एजेंसी न्यूज

Money Laundering Case: ईडी ने सोरेन से सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की, मुख्यमंत्री ने ‘षड्यंत्र’ करार दिया

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने कथित भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन के एक मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से यहां उनके आधिकारिक आवास पर शनिवार को सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष सोरेन ने दावा किया कि उनके खिलाफ यह एक षड्यंत्र है.

Money Laundering Case: ईडी ने सोरेन से सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की, मुख्यमंत्री ने ‘षड्यंत्र’ करार दिया
Hemant Soren Photo Credits: IANS

रांची, 20 जनवरी : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने कथित भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन के एक मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से यहां उनके आधिकारिक आवास पर शनिवार को सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष सोरेन ने दावा किया कि उनके खिलाफ यह एक षड्यंत्र है. ईडी के अधिकारी सोरेन के आवास पर अपराह्न एक बजे पहुंचे और रात करीब साढ़े आठ बजे वहां से गए. इस दौरान भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती के कारण पूरा इलाका किले में तब्दील हो गया. सोरेन (48) इससे पहले, ईडी द्वारा सात बार समन जारी किए जाने पर पूछताछ के लिए एजेंसी के समक्ष उपस्थित नहीं हुए थे. ईडी द्वारा आठवीं बार उन्हें समन जारी किए जाने पर आखिरकार उन्होंने अपनी सहमति दे दी. ईडी की पूछताछ के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने मुख्यमंत्री आवास के आसपास गतिविधियों पर पैनी नजर रखी. राशन वितरण से संबंधित करोड़ों रुपये के कथित घोटाले के सिलसिले में पश्चिम बंगाल में ईडी अधिकारियों पर हुए हालिया हमले के मद्देनजर यह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी.

ईडी के अनुसार, यह जांच झारखंड में माफिया द्वारा भूमि स्वामित्व में अवैध परिवर्तन के एक बड़े गिरोह से संबद्ध है. मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2011 बैच के अधिकारी छवि रंजन भी शामिल हैं, जो राज्य के समाज कल्याण विभाग के निदेशक और रांची के उपायुक्त के रूप में कार्यरत थे. सूत्रों ने बताया कि सोरेन से पूछताछ अभी अधूरी है और उनसे दोबारा पूछताछ की जाएगी. झामुमो ने विभिन्न आदिवासी संगठनों के साथ मिलकर शनिवार को पूरे झारखंड में विरोध-प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार प्रवर्तन निदेशालय जैसी एजेंसियों के माध्यम से सोरेन को निशाना बना रही है. वहीं, रांची जिला प्रशासन ने सोरेन के आवास के पास आपराधिक दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की. इसके तहत, किसी भी तरह के विरोध-प्रदर्शन, हथियार ले जाने और सार्वजनिक बैठकों पर रोक है. ईडी की पूछताछ के बाद सोरेन ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ साजिश रची गई है. यह भी पढ़ें : Karnataka: मुस्लिम बहुल इलाके में ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने पर हिंदू कार्यकर्ताओं की पिटाई

उन्होंने उनके आवास के बाहर खड़े अपने समर्थकों की भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि वह डरे नहीं हैं और ‘‘गोलियों का सामना सबसे पहले’’ वह करेंगे. झामुमो कार्यकर्ता शनिवार सुबह से ही सोरेन के आवास के बाहर खड़े रहे और ईडी अधिकारियों के चले जाने के बावजूद वे वहां से नहीं गए. सोरेन ने अपने समर्थकों से कहा, ‘‘मेरे खिलाफ साजिश रची गई है, लेकिन षड्यंत्रकारियों के ताबूत में आखिरी कील हम ठोकेंगे... हम डरेंगे नहीं, गोलियों का सामना आपका नेता सबसे पहले करेगा और आप अपना मनोबल ऊंचा रखें.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपके अटूट समर्थन के लिए हार्दिक धन्यवाद देता हूं...हेमंत सोरेन पार्टी के हर कार्यकर्ता के साथ खड़ा रहेगा.’’ सोरेन ने कहा कि वह ‘‘गाजर या मूली’’ की तरह नहीं हैं, जिसे आसानी से उखाड़ा जा सके और उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाने और ‘षड्यंत्रकारियों’ को लोगों के सामने बेनकाब करने को कहा इस बीच, झामुमो ने सोरेन के आवास पर पार्टी के विधायकों की एक बैठक बुलाई. पार्टी महासचिव एवं प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने पीटीआई- से कहा, ‘‘ ईडी मुख्यमंत्री से पूछताछ कर रही है...हम भी अपनी बैठक कर रहे हैं...आगे की रणनीति, पूछताछ के नतीजे के आधार पर बनाई जाएगी.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 21, 2024 12:52 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).