एजेंसी न्यूज

मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के विदेशी खिलाड़ी वतन लौटे

खिलाड़ियों के इस दल में ज्यादातर स्पेन के फुटबॉलर है जो यहां से 29 घंटे की बस यात्रा कर के नयी दिल्ली गये और वहां से विशेष रूप से व्यवस्थित डच एयरलाइंस की उड़ान से एम्सटर्डम रवाना हुए।

मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के विदेशी खिलाड़ी वतन लौटे

कोलकाता, पांच मई कोविड-19 महामारी के नियंत्रण के लिए लागू देशव्यापी लॉकडाउन के कारण एक महीने से ज्यादा समय से यहां फंसे आई-लीग फुटबाल टीम मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के विदेशी खिलाड़ी मंगलवार को अपने देश लौट गये।

खिलाड़ियों के इस दल में ज्यादातर स्पेन के फुटबॉलर है जो यहां से 29 घंटे की बस यात्रा कर के नयी दिल्ली गये और वहां से विशेष रूप से व्यवस्थित डच एयरलाइंस की उड़ान से एम्सटर्डम रवाना हुए।

मोहन बागान को आई-लीग का चैम्पियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कोच किबू विकुना ने कहा कि वह टीम की जीत का जश्न मनाने के लिए जल्द ही वापसी करेंगे।

कोविड-19 महामारी के कारण जल्दी खत्म हुए आई-लीग सत्र में मोहन बागान को चैम्पियन घोषित किया गया। अभी हालांकि चार दौर के मुकाबले बचे थे।

स्पेन के विकुना ने यहां से रवाना होने से पहले अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ से कहा, ‘‘ जब परिस्थितियां सामान्य होंगी तब मैं वापस आकर सभी खिलाड़ियों, प्रशंसकों, क्लब के अधिकारियों और सदस्यों के साथ जश्न मनाना पसंद करूंगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम में से किसी को ठीक से अलविदा कहने का मौका नहीं मिला। मैंने फोन पर अलविदा कहा लेकिन मैं व्यक्तिगत रूप से ऐसा करना पसंद करता हूं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 06:43 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).