ताजा खबरें | मोदी की जबान लड़खड़ा रही है, वह 'म' अक्षर के पीछे पड़े हैं : अखिलेश
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि मोदी की जबान लड़खड़ाई हुई है और इन दिनों वह 'म' अक्षर के पीछे पड़े हैं।
महराजगंज (उप्र), 30 मई समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि मोदी की जबान लड़खड़ाई हुई है और इन दिनों वह 'म' अक्षर के पीछे पड़े हैं।
यादव ने महराजगंज से ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के प्रत्याशी कांग्रेस के वीरेन्द्र चौधरी के समर्थन में आयोजित एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, ''जो हमारे दिल्ली वाले ‘प्रधान सांसद’ जी हैं, वह आजकल न जाने क्यों ‘म’ शब्द के पीछे पड़े हुए हैं। जबसे उन्हें घबराहट हुई है, न केवल वह खुद डगमगाये हैं, बल्कि उनकी जबान भी लड़खड़ाई है। इधर जो सुनने को मिल रहा है कि जब ऊंचाई से उनकी गिरावट शुरू हुई है जो वह गिरते जा रहे हैं, न जाने कहां जाकर गिरेंगे। उनका काउंटडाउन शुरू हो चुका है।’’
यादव ने प्रधानमंत्री की हाल की टिप्पणियों पर तंज करते हुए कहा, ''इस चुनाव में (प्रधानमंत्री ने) कभी मीट की बात की, कभी मछली की बात की, कभी मुजरे की बात की और अब सुनने में आया है कि वह महात्मा गांधी जी की बात कर रहे हैं। यह जितने शब्द इन्होंने बोले हैं यह सब ‘एम’ यानी ‘म’ अक्षर से शुरू होते हैं। वह ‘म’ के पीछे पड़े हैं। ‘म’ से महराजगंज भी होता है। महराजगंज वाले भी इन भाजपा वालों के पीछे पड़े हैं। जब तक उनकी जमानत जब्त नहीं होगी, तब तक महराजगंज के लोग शांति से बैठने वाले नहीं हैं।''
प्रधानमंत्री मोदी की 30 मई से एक जून तक कन्याकुमारी में विवेकानंद मेमोरियल में ध्यान लगाने के कार्यक्रम का जिक्र करते हुए यादव ने कहा, ''सुना है कि अब वह (प्रधानमंत्री) दूर कहीं चले गए हैं। सुना है परिणाम आने से पहले ही कहीं तपस्या के लिए दूर चले गए हैं, क्योंकि जब परिणाम उनके अनुकूल नहीं आएगा तो कहेंगे कि हमारी तपस्या में कुछ कमी रह गई थी।''
सपा प्रमुख ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ''जो लोग 400 पार का नारा दे रहे थे, सातवें चरण तक आते-आते वे अपना नारा भूल गए हैं। इतना ही नहीं अब उन्हें डर सता रहा है कि कहीं 400 सीट हार न जाएं।''
उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी, लेकिन खेती की लागत बढ़ जाने से वे (किसान) संकट में जरूर पड़ गये।
पूर्व मुख्यंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों के साथ-साथ नौजवानों के लिए भी संकट पैदा किया है, क्योंकि सरकार ने जानबूझकर परीक्षाओं के पेपर लीक कराये हैं, ताकि उसे नौजवानों को नौकरी न देनी पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने पिछले 10 साल में नौजवानों का एक तिहाई जीवन बर्बाद कर दिया है।
महराजगंज सीट पर लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में आगामी एक जून को मतदान होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 30, 2024 05:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

