America: प्रधानमंत्री मोदी की कमला हैरिस से मुलाकात भारतीय अमेरिकियों के लिए यादगार क्षण: अमेरिकी समाचार पत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ बृहस्पतिवार दोपहर को व्हाइट हाउस में आयोजित होने वाली बैठक को हैरिस के गृहराज्य के एक प्रमुख अमेरिकी समाचार पत्र ने भारतीय अमेरिकियों के लिए एक ‘‘यादगार’’ क्षण बताया.
वाशिंटन, 23 सितंबर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ बृहस्पतिवार दोपहर को व्हाइट हाउस में आयोजित होने वाली बैठक को हैरिस के गृहराज्य के एक प्रमुख अमेरिकी समाचार पत्र ने भारतीय अमेरिकियों के लिए एक ‘‘यादगार’’ क्षण बताया. ‘द लॉस एंजेलिस टाइम्स’ अखबार ने लिखा कि अमेरिका की पहली भारतीय-अमेरिकी उपराष्ट्रपति हैरिस (56) मोदी से बृहस्पतिवार को मुलाकात करेंगी और इसी के साथ वह अमेरिका के सबसे महत्वपूर्ण सहयोगियों में शामिल देश के नेता का स्वागत करने वाली सर्वोच्च 'रैंकिंग' वाली भारतीय-अमेरिकी बनेंगी. यह हैरिस की मोदी (71) के साथ पहली बैठक होगी. मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने प्रवासी भारतीयों के हितों की न केवल हिमायत की है, बल्कि विश्व स्तर पर भी उनके हितों के मामले उठाने पर कभी हिचकिचाहट नहीं दिखाई. प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं में स्वयं भी भारतीय समुदायों के साथ संवाद करते है.
कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस में दक्षिण एशिया कार्यक्रम के निदेशक मिलन वैष्णव ने कैलिफोर्निया स्थित समाचार पत्र से कहा, ‘‘यह (मोदी-हैरिस की बैठक) समुदाय के लिए एक यादगार क्षण का प्रतिनिधित्व करती है. इस समुदाय में अब 40 लाख से अधिक लोग शामिल हैं.’’ समाचार पत्र ने कहा, ‘‘नेताओं के बीच यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब बाइडन प्रशासन क्षेत्र में आर्थिक एवं सैन्य संबंध बनाकर चीन की बढ़ती शक्ति का जवाब देने की (अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड) ट्रंप के प्रशासन की नीति को आगे बढ़ाते हुए भारत और अन्य एशियाई एवं प्रशांत देशों के और निकट जा रहा है.’’ यह भी पढ़ें : PM मोदी के नेतृत्व में भारत ने पाक को दिया और एक झटका, इस खबर को पढ़कर जल जाएगी इमरान प्रशासन की जान
हैरिस ने मोदी से तीन जून को फोन पर बात की थी. सूत्रों ने बताया कि यह उनके बीच आमने-सामने की पहली बैठक होगी, जिसके लिए एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है. व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि हैरिस इस बैठक के दौरान अमेरिका और भारत के बीच सामरिक साझेदारी को और सुदृढ़ करेंगी. अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ से कहा था,‘‘ यह बैठक दोनों नेताओं के बीच कोविड-19 से निपटने के संबंध में तीन जून को टेलीफोन पर हुई बातचीत को आगे बढ़ाएगी. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच लोकतंत्र, मानवाधिकार, जलवायु और वैश्विक स्वास्थ्य के मुद्दों पर भी चर्चा होगी.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 23, 2021 01:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

