पीएम नरेंद्र मोदी 36 घंटे में 5000 किमी की यात्रा कर चार राज्यों में जनसभाओं को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार और शुक्रवार के बीच चार चुनावी राज्यों में 36 घंटे के भीतर पांच हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी का सफर करेंगे. भाजपा मीडिया विभाग के प्रमुख अनिल बलूनी ने ट्वीट कर यह जानकारी दी.
नयी दिल्ली, एक अप्रैल: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार और शुक्रवार के बीच चार चुनावी राज्यों में 36 घंटे के भीतर पांच हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी का सफर करेंगे. भाजपा मीडिया विभाग के प्रमुख अनिल बलूनी ने ट्वीट कर यह जानकारी दी. उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली से असम, असम से पश्चिम बंगाल, पश्चिम बंगाल से तमिलनाडु और तमिलनाडु से केरल. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे 36 घंटे में 5,000 किमी से अधिक का सफर और चार राज्यों में चुनाव प्रचार. यही है परिश्रम की पराकाष्ठा. नमन!’’
ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री आज सुबह दिल्ली से सीधे असम के कोकराझार पहुंचे और वहां लगभग साढ़े 11 बजे उन्होंने दिन की पहली चुनावी रैली को संबोधित किया. इसके बाद वह पश्चिम बंगाल के जयनगर पहुंचे. वहां पौने तीन बजे के करीब उन्होंने एक जनसभा और फिर तकरीबन साढ़े चार बजे राज्य के उलुबेरिया में चुनावी रैली को संबोधित किया. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल से बृहस्पतिवार को ही तमिलनाडु के मदुरै पहुंचेंगे और वहां स्थित मीनाक्षी मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे.
यह भी पढ़ें- पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा- बंगाल की जनता ममता बनर्जी से नाराज, इस चुनाव में सजा देकर रहेगी
अगले दिन प्रधानमंत्री मदुरै में एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई के पलानीस्वामी और उपमुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम सहित अन्य नेता मौजूद रहेंगे. राज्य में छह अप्रैल को मतदान होना है. राज्य में भाजपा और अन्नाद्रमुक के गठबंधन का मुकाबला द्रमुक और कांग्रेस के गठबंधन से है. रैली को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री केरल के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां वह दो चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे.
उल्लेखनीय है 30 मार्च को प्रधानमंत्री ने केरल के पालक्काड और तमिलनाडु के धारापुरम में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया था.
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 01, 2021 08:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

