नयी दिल्ली, 22 जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को लक्जमबर्ग के अपने समकक्ष ल्यूक फ्रीडेन से बात की और कहा कि दोनों देश क्षेत्रीय व वैश्विक शांति और स्थिरता के समर्थक हैं।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि फ्रीडेन ने मोदी के फिर से प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें बधाई देने के लिए फोन किया था, और उन्होंने यूक्रेन में संघर्ष समेत क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।
बयान में कहा गया है, “प्रधानमंत्री फ्रीडेन ने संघर्ष की समाप्ति तथा शांति एवं स्थिरता की शीघ्र बहाल करने में भारत द्वारा निभाई जा रही भूमिका की सराहना की।”
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि फ्रीडेन के साथ उनकी सार्थक बातचीत हुई और उन्होंने व्यापार, निवेश, वित्तीय सेवाओं व औद्योगिक विनिर्माण के क्षेत्रों समेत भारत-लक्जमबर्ग संबंधों को प्रगाढ़ बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा, "लोकतांत्रिक देश होने के नाते हम क्षेत्रीय व वैश्विक शांति एवं स्थिरता का समर्थन करते हैं।"
फ्रीडेन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ फोन पर उनकी सार्थक बातचीत हुई और उन्होंने भारत को अपने देश के लिए एक महत्वपूर्ण साझेदार बताया।
उन्होंने कहा, "हमने अपने घनिष्ठ संबंधों को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता जताई। हमने साझा हितों के भू-राजनीतिक मुद्दों और शांति व स्थिरता की दिशा में काम करने के अपने लक्ष्य पर भी चर्चा की।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY