एजेंसी न्यूज

प्रधानमंत्री मोदी ने किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त जारी की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देशभर के, विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों से ऑनलाइन बातचीत की और किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त के रूप में 21,000 करोड़ रुपये जारी किए. प्रधानमंत्री मोदी अपनी सरकार की आठवीं वर्षगांठ के अवसर पर मंगलवार की सुबह शिमला पहुंचे.

प्रधानमंत्री मोदी ने किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त जारी की
पीएम मोदी (Photo Credits PIB)

शिमला, 31 मई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने मंगलवार को देशभर के, विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों से ऑनलाइन बातचीत की और किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त के रूप में 21,000 करोड़ रुपये जारी किए. प्रधानमंत्री मोदी अपनी सरकार की आठवीं वर्षगांठ के अवसर पर मंगलवार की सुबह शिमला पहुंचे. हिमाचल प्रदेश की राजधानी में माल रोड पर पहुंचने के बाद वह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ सुबह करीब साढ़े 11 बजे रिज़ मैदान के लिए रवाना हुए. वहां, प्रधानमंत्री ने देशभर के, विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत की.

इस दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने कर्नाटक के कलबुर्गी की एक महिला संतोषी से कहा कि वह जिस तरह से अपने विचार व्यक्त करती हैं उससे वह प्रभावित हैं और अगर वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कार्यकर्ता होतीं तो वह उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहते. लद्दाख के एक पूर्व सैनिक ने प्रधानमंत्री को बताया कि उन्हें जल जीवन मिशन और पीएम आवास योजना (ग्रामीण) फायदा हुआ है और योजना का लाभ उठाने में उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा. बिहार के बांका जिले की ललिता देवी ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि उन्हें पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एक पक्का घर और एक शौचालय मिला है. त्रिपुरा के पंकज साहनी ने कहा कि उन्हें ‘वन नेशन, वन कार्ड’ योजना के तहत राशन कार्ड मिला है. यह भी पढ़ें : साल 2014 से पहले की सरकार ने भ्रष्टाचार को प्रशासन का जरूरी हिस्सा मान लिया था: प्रधानमंत्री मोदी

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर की रहने वाली समा देवी ने प्रधानमंत्री को बताया कि उन्हें पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एक पक्का घर बनाने के लिए एक लाख रुपये मिले और उन्हें किसान सम्मान निधि के तहत एक वर्ष में तीन किस्तों में 6,000 रुपये भी मिले. इस मौके पर प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त के रूप में 80 करोड़ किसानों को 21,000 करोड़ रुपये जारी किए. प्रधानमंत्री मोदी राज्य में भाजपा सरकार की चौथी वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर के गृह जिले मंडी के पड्डल मैदान में एक रैली को संबोधित करने के लिए पिछले साल 27 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश आए थे.

हिमाचल प्रदेश में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on May 31, 2022 01:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).