देश की खबरें | मोदी ने विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने के लिए प्रणय की सराहना की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर एचएस प्रणय की सराहना करते हुए रविवार को यहां कहा कि वह बैडमिंटन पसंद करने वाले सभी लोगों के लिए एक सच्ची प्रेरणा हैं।
नयी दिल्ली, 27 अगस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर एचएस प्रणय की सराहना करते हुए रविवार को यहां कहा कि वह बैडमिंटन पसंद करने वाले सभी लोगों के लिए एक सच्ची प्रेरणा हैं।
प्रणय का विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप में स्वप्निल सफर पुरुष एकल सेमीफाइनल में विश्व रैंकिंग के तीसरे स्थान के थाईलैंड के खिलाड़ी कुनलावुत वितिदसर्ण से तीन गेम में हारकर समाप्त हो गया था। जिससे उन्होंने कांस्य पदक से अपना अभियान खत्म किया।
भारत ने इस तरह 2011 के बाद से विश्व चैम्पियनशिप में कम से कम एक पदक जीतने का रिकॉर्ड बरकरार रखा।
मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर प्रणय को टैग करते हुए लिखा, ‘‘ बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2023 में प्रणय ने क्या शानदार उपलब्धि हासिल की है! कांस्य पदक जीतने पर उन्हें बधाई।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ उनके कौशल और कड़ी मेहनत पूरे टूर्नामेंट में चमक बिखेरी। वह सभी बैडमिंटन प्रशंसकों के लिए एक सच्ची प्रेरणा हैं।’’
प्रणय (31 वर्ष) दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी के खिलाफ शुरुआती गेम की बढ़त गंवा बैठे। दूसरे गेम में वह 5-1 से बढ़त बनाये थे लेकिन तीन बार के पूर्व विश्व जूनियर चैम्पियन ने बेहतर ‘डिफेंस और अटैक’ के बूते 18-21 21-13 21-14 से जीत हासिल कर लगातार दूसरे फाइनल में प्रवेश किया।
इस हार के बावजूद प्रणय के लिए यह शानदार उपलब्धि रही क्योंकि वह विश्व चैम्पियनशिप का पदक जीतने वाले पांचवें भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ी बन गये।
किदाम्बी श्रीकांत (रजत), लक्ष्य सेन (कांस्य), बी साई प्रणीत (कांस्य) और प्रकाश पादुकोण (कांस्य) पुरुष एकल में पदक जीत चुके हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)