देश की खबरें | दूरदर्शी सोच से मोदी सशक्त, आधुनिक व आत्मनिर्भर भारत का निर्माण कर रहे: शाह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक लगातार 20 साल से चुनी हुई सरकारों का नेतृत्व करने के लिए नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि अपनी दूरदर्शी सोच से वह ऐसे भारत का निर्माण कर रहे हैं जो सशक्त, आधुनिक और आत्मनिर्भर हो।
नयी दिल्ली, सात अक्टूबर गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक लगातार 20 साल से चुनी हुई सरकारों का नेतृत्व करने के लिए नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि अपनी दूरदर्शी सोच से वह ऐसे भारत का निर्माण कर रहे हैं जो सशक्त, आधुनिक और आत्मनिर्भर हो।
शाह ने एक बयान में कहा कि 2001 में मोदी ने आज ही के दिन देशहित और जन सेवा में समर्पित एक ऐसे सफर की शुरुआत की जिसमें वह नित नए आयाम स्थापित करते गए।
उन्होंने कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी के विचारों, दूरदृष्टि और करिश्माई व्यक्तित्व से प्रेरित हर भारतवासी आज भारत को पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित करने के लिए अग्रसर है। उनके असाधारण नेतृत्व व मार्गदर्शन में राष्ट्र कल्याण के प्रति काम करना मेरे लिए बहुत ही गर्व की बात है।’’
उन्होंने कहा कि अगर कोई सही मायने में 130 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं को समझ सकता है तो वह नरेंद्र मोदी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अपनी दूरदर्शी सोच से मोदी ऐसे भारत का निर्माण कर रहे हैं जो सशक्त, आधुनिक व आत्मनिर्भर हो।’’
शाह ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर मोदी प्रदेश में विकास की क्रांति लेकर आए और अब प्रधानमंत्री के रूप में विभिन्न ऐतिहासिक योजनाओं व कार्यों से करोड़ों गरीब, किसान, महिला व समाज के वंचित वर्ग को सशक्त कर उनके जीवन में एक सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘चाहे भुज को भयावह भूकंप से बाहर निकाल कर विकास पथ पर अग्रसर करना हो या गुजरात को शांति और सौहार्द का प्रतीक बनाना हो या अपने परिश्रम और दूरदर्शी सोच से देश को विकास तथा प्रगति का एक गुजरात मॉडल देना हो, यह सिर्फ और सिर्फ मोदी की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है।’’
आज ही के दिन वर्ष 2001 में मोदी पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। लगभग 13 साल तक राज्य का मुख्यमंत्री रहने के बाद 2014 में वह देश के प्रधानमंत्री बने और तभी से देश का नेतृत्व भी कर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 07, 2020 07:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

