देश की खबरें | मोदी सरकार पहलगाम आतंकी हमले के साजिशकर्ताओं को ढूंढ निकालेगी: फडणवीस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार जल्द ही पहलगाम आतंकवादी हमले के साजिशकर्ताओं का पता लगाएगी और उन्हें न्याय के कठघरे में लाएगी।

मुंबई, 23 अप्रैल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार जल्द ही पहलगाम आतंकवादी हमले के साजिशकर्ताओं का पता लगाएगी और उन्हें न्याय के कठघरे में लाएगी।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान फडणवीस ने कहा कि यह घृणित है कि आतंकवादियों ने पर्यटकों से उनका धर्म पूछने के बाद उन पर गोलियां चलाईं।

कश्मीर में पहलगाम के निकट ‘मिनी स्विटरलैंड’ नाम से मशहूर पर्यटन स्थल पर मंगलवार को आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। मृतकों में से छह लोग महाराष्ट्र के रहने वाले थे।

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी (पहलगाम आतंकी हमले के) साजिशकर्ताओं को ढूंढ़कर उन्हें न्याय के कठघरे में लाएंगे।"

गृह मंत्रालय का भी प्रभार संभालने वाले फडणवीस ने कहा कि यह हमला भारतीयों पर किया गया है और निर्दोष नागरिकों के नरसंहार पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पूरा देश कश्मीर के लोगों के साथ है।

पिछले साल जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के बाद नई सरकार के शपथ लेने के बाद हुए आतंकी हमले के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, ''यह सच है कि जब उपराज्यपाल प्रशासन संभाल रहे थे, तब ऐसा कोई हमला नहीं हुआ था। लेकिन हम केंद्र शासित प्रदेश की सरकार के साथ हैं और यह हमला भारतीयों पर हुआ है।"

पुणे में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से एक सर्वदलीय बैठक बुलाने और पहलगाम हमले के बाद जम्मू-कश्मीर की स्थिति के बारे में लोगों को अवगत कराने का आग्रह किया।

सुले ने कहा, "यह आरोप-प्रत्यारोप का समय नहीं है। लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। जब तक गृह मंत्री (जो हमले के बाद कश्मीर गए थे) कोई बयान नहीं देते, हमें जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होने के नाते बहुत सावधानी से बोलना चाहिए।"

पुणे जिले के बारामती से लोकसभा सांसद ने कहा कि कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में अभी भी बड़ी संख्या में पर्यटक फंसे हुए हैं और स्थानीय प्रशासन सक्रिय रूप से उनकी मदद कर रहा है।

उन्होंने कहा कि वापस आने के इच्छुक अधिकतर पर्यटक हवाई टिकट के बहुत मंहगे होने की शिकायत कर रहे हैं। सुले ने सरकार से इस संदर्भ में हस्तक्षेप करने की मांग की।

विपक्षी सांसद ने जोर देकर कहा, "मैं नागरिक उड्डयन मंत्रालय, रेलवे और राज्य परिवहन विभाग से अनुरोध करती हूं कि वे निस्वार्थ भाव से पर्यटकों को वापसी की सुविधा प्रदान करें। सरकार को विशेष उड़ानों की सुविधा प्रदान करनी चाहिए और जो लोग घर लौटना चाहते हैं, उन्हें वापस लाना चाहिए।"

राकांपा (एसपी) नेता ने कहा, "मैं किसी भी तरह के आरोप-प्रत्यारोप में नहीं पड़ूंगा। पहली प्राथमिकता वहां (जम्मू-कश्मीर) फंसे सभी लोगों की सुरक्षा है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now