एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मोदी सरकार ने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया: शरद पवार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनकी सरकार ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया।

देश की खबरें | मोदी सरकार ने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया: शरद पवार

मुंबई, 29 अगस्त राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनकी सरकार ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया।

पवार ने ठाणे में पत्रकारों से कहा कि भाजपा का मकसद केवल छोटे दलों को सत्ता से बाहर करना है। ठाणे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का गढ़ माना जाता है।

पवार ने कहा, ‘‘ केंद्र सरकार ने 2014 के आम चुनाव के समय से कई वादे किए, लेकिन पूरा एक भी नहीं किया। प्रधानमंत्री ने देश के हर एक नागरिक को मकान देने का वादा किया था, लेकिन सरकार उसे पूरा नहीं कर पाई।’’

राकांपा प्रमुख ने भाजपा की आलोचना करते हुए दावा किया कि वह सत्ता में आने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करती है।

गौरतलब है कि इस साल जून में शिवसेना विधायक एकनाथ शिंदे और 39 अन्य विधायकों ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह कर दिया था, जिससे उद्धव ठाकरे नीत महाराष्ट्र सरकार गिर गई थी। इसके बाद शिंदे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर राज्य में सरकार का गठन किया। शिंदे ने 30 जून को मुख्यमंत्री और भाजपा के नेता देवेंद्र फडणवीस ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

राकांपा के दो नेता अनिल देशमुख और नवाब मलिक अभी जेल में हैं। धन शोधन के अलग-अलग मामलों में प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें गिरफ्तार किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 29, 2022 05:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).