नयी दिल्ली, आठ जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने खरीफ फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की घोषणा के बाद सरकार की कांग्रेस द्वारा की जा रही आलोचना को बृहस्पतिवार को खारिज करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने अपनी नीतियों से देश में कृषि क्रांति का माहौल बनाया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि सरकार ने फसलों के लिए एमएसपी में रिकॉर्ड वृद्धि की है और हालिया वृद्धि 'ऐतिहासिक' है।
उन्होंने कहा कि यह पहली सरकार है, जिसने एक दशक के भीतर एमएसपी में पांच बार वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि कृषि बजट को 5.7 गुना बढ़ाया गया है और कृषि संसाधनों के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक आवंटित किए गए हैं।
शुक्ला ने कहा कि सरकार ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू किया है, जबकि कांग्रेस ने अपने दशकों लंबे शासन के दौरान कृषि क्षेत्र की अनदेखी की।
इससे पहले, कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को निशाना बनाते हुए आरोप लगाया था कि वह केवल न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणा करके किसानों को धोखा दे रही है, लेकिन उन दरों पर उनकी उपज कभी नहीं खरीद रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY