देश की खबरें | मोदी ने भाजपा को बंगाली अस्मिता का रक्षक बताया; टीएमसी पर घुसपैठ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए उस पर वोट बैंक की राजनीति के लिए घुसपैठ को बढ़ावा देकर बंगाल की अस्मिता और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाया तथा कहा कि केवल भाजपा ही वास्तव में बंगाली अस्मिता और बंगालियों के गौरव के लिए खड़ी है।
दुर्गापुर(पश्चिम बंगाल), 18 जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए उस पर वोट बैंक की राजनीति के लिए घुसपैठ को बढ़ावा देकर बंगाल की अस्मिता और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाया तथा कहा कि केवल भाजपा ही वास्तव में बंगाली अस्मिता और बंगालियों के गौरव के लिए खड़ी है।
दुर्गापुर में एक जनसभा में मोदी ने भाजपा को एकमात्र ऐसी पार्टी बताया, जो बंगाली अस्मिता का वास्तव में सम्मान और रक्षा करती है। उन्होंने ‘‘झूठ, अराजकता और लूट’’ के शासन का अंत करने का भी आह्वान किया।
मोदी ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस ने अपने निहित स्वार्थों के कारण पश्चिम बंगाल की अस्मिता को दांव पर लगा दिया है। वोट बैंक की राजनीति के लिए यहां घुसपैठ को बढ़ावा दिया जा रहा है। घुसपैठियों की मदद करने के लिए एक पूरा माहौल तैयार किया गया है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा और बंगाल की सुरक्षा व अस्मिता, दोनों के लिए खतरा है।’’
उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी पर ‘‘संवैधानिक संस्थाओं को खुलेआम चुनौती देने’’ और ‘‘अवैध प्रवासियों का बचाव करने’’ का आरोप लगाया।
भाजपा शासित राज्यों में बांग्ला भाषी प्रवासी श्रमिकों के कथित उत्पीड़न पर बढ़ते राजनीतिक विवाद के बीच, मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर पलटवार करते हुए कहा, ‘‘बंगाल की गरिमा और भविष्य के लिए वास्तविक खतरा बाहर से नहीं, बल्कि अंदर से है, जो एक ऐसी राज्य सरकार से है, जो झूठ, अराजकता और लूट के बूते फल-फूल रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के लिए बंगाली अस्मिता सर्वोपरि है। जिस राज्य में भी भाजपा की सरकार है, बंगालियों का सम्मान किया जाता है।’’
मोदी ने कहा, ‘‘हम बंगाली अस्मिता के खिलाफ इस साजिश को कामयाब नहीं होने देंगे। भाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जो वास्तव में इसका सम्मान करती है।’’
ममता बनर्जी नीत सरकार पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि टीएमसी की तुष्टिकरण की राजनीति ‘‘सारी हदें पार कर गई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वे अब घुसपैठियों को बचाने को आमादा हैं। टीएमसी का भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण युवाओं का बंगाल से पलायन करा रहा है।’’
प्रधानमंत्री ने टीएमसी, वाम दलों और कांग्रेस पर दशकों से बंगाली गौरव की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘वर्षों तक टीएमसी और वाम दलों ने कांग्रेस के साथ मिलकर दिल्ली में सरकार चलाई, लेकिन कभी भी बांग्ला को मान्यता देने पर विचार नहीं किया, जबकि भाजपा सरकार ने ही इसे शास्त्रीय का दर्जा दिया।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 18, 2025 08:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

