देश की खबरें | मोदी और येदियुरप्पा सरकारें किसानों के जीवन और आजीविका पर 'शैतानी हमले' कर रहे हैं : सुरजेवाला
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

बेंगलुरू, 27 सितंबर केंद्र एवं कर्नाटक सरकार को 'किसान विरोधी' करार देते हुये अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रविवार को आरोप लगाया कि दोनों सरकारों ने किसानों की जिंदगी एवं आजीविका पर 'शैतानी हमले' की शुरूआत की है ।

कर्नाटक विधानसभा द्वारा शनिवार को पारित एपीएमसी एवं भूमि सुधार कानूनों में संशोधन को 'काला कानून' करार देते हुये सुरजेवाला ने सरकार पर किसानों के हितों को मुट्ठी भर कॉरपोरेट एवं बिल्डर लॉबी के हाथों बेच देने का आरोप लगाया।

यह भी पढ़े | Farm Bill Row 2020: संसद भवन में पास कृषि बिल को मंत्री बाला साहेब थोराट ने बताया किसान विरोधी, कहा- महाविकास अघाड़ी महाराष्ट्र में इसे लागू नहीं होने देगी.

कांग्रेस नेता ने कहा, 'दोनों, मोदी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) एवं येदियुरप्पा (मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा) की सरकार किसान विरोधी है ।'

उन्होंने कहा कि कर्नाटक एवं देश के अन्य हिस्सों में इन लोगों ने किसानों के जीवन एवं उनकी आजीविका पर शैतानी हमला शुरू किया है ।

यह भी पढ़े | Farm Bills Enacted as Law: किसानों और विपक्ष के विरोध के बीच कानून में बदले तीनों कृषि बिल, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लगाई मुहर.

सुरजेवाला कर्नाटक विधानसभा में पारित एपीएमसी एवं भूमि सुधार कानून में संशोधन संबंधी विधेयक पारित किये जाने तथा हाल ही में संसद में कृषि संबंधी तीन विधेयकों के पारित किये जाने का हवाला दे रहे थे । संसद में पारित कानून के खिलाफ पंजाब में किसानों ने आंदोलन शुरू कर दिया है और हरियाणा के किसान 28 से 30 सितंबर तक यह आंदोलन करेंगे ।

संवाददाताओं से सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एवं डी के शिवकुमार के नेतृत्व में कर्नाटक में पार्टी किसान विरोधी ताकतों को निर्णायक रूप से हराने के लिये प्रतिबद्ध है ।

उन्होंने कहा, 'वे लोग किसानों के हितों को मुट्ठी भर कॉरपोरेटों एवं बिल्डर लॉबी के हाथों बेच रहे हैं जैसा कि विधानसभा में पारित काले कानूनों से स्पष्ट है।'

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हम हर तरह से किसानों के साथ हैं और कर्नाटक एवं भारत में किसानों के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं ।

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने कहा कि किसानों के आंदोलन का वे समर्थन करते हैं ।

उन्होंने कहा, 'चूंकि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है, हमारे महासचिव (सुरजेवाला) इस मुद्दे पर हमारे साथ चर्चा करेंगे जिसके बाद इस बात की घोषणा की जायेगी कि राज्य में हमें क्या करना है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)