सागरदिघी (पश्चिम बंगाल), 16 जनवरी पश्चिम बंगाल के विधायक जाकिर हुसैन से जुड़े विभिन्न परिसरों पर आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकदी बरामद होने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि हुसैन तृणमूल कांग्रेस के नेता हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि मुर्शिदाबाद जिले के जांगीपुर सीट से विधायक हुसैन को फर्जी तरीके से फंसाया गया है।
गौरतलब है कि कोलकाता, नयी दिल्ली और मुर्शिदाबाद के कम से कम 20 परिसरों पर 11 और 12 जनवरी को छापा मारकर आयकर विभाग ने 11 करोड़ रुपये नकद जब्त किए हैं।
बनर्जी ने कहा, ‘‘जाकिर ‘बीड़ी’ बनाने वाले उद्यमी हैं। करीब 20,000 लोग उनके लिए काम करते हैं। क्या उनका भुगतान वह बैंक खातों में करते? बीड़ी बनाने वाले कितने कामगारों के बैंक खाते हैं?’’
उन्होंने कहा, ‘‘जाकिर ऐसी स्थिति का सामना इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वह तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। केन्द्रीय एजेंसियां गोपनीय तरीके से तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को निशाना बना रही हैं। जाकिर की हत्या के प्रयास किए जा रहे हैं। उनके खिलाफ साजिश की जा रही है।’’
बनर्जी मुर्शिदाबाद के सागरदिघी में प्रशासनिक समीक्षा बैठक को संबोधित कर रही थीं।
गौरतलब है कि विधायक जाकिर हुसैन ने भी पहले दावा किया था कि जब्त की गई नकदी मजदूरों को वेतन देने के लिए थी।
तृणमूल कांग्रेस में रहते हुए मुर्शिदाबाद की जिम्मेदारी संभालने वाले शुभेंदु अधिकारी (वर्तमान में भाजपा नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष) का संदर्भ देते हुए बनर्जी ने कहा, ‘‘यह मेरा दुर्भाग्य है कि जिसको जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई थी अब वह गुपचुर तरीके से केन्द्रीय एजेंसियों को तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के घर भेज रहा है।’’
उन्होंने कहा कि सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) या आयकर विभाग के छापे पहले भाजपा नेताओं के घर पर पड़ने चाहिए।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने पिछले सप्ताह नयी दिल्ली में स्थित बंग भवन से पार्टी प्रवक्ता साकेत गोखले की गुजरात पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की भी आलोचना की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY