जरुरी जानकारी | मिजोरम का हनहथियाल जिला पूर्वोत्तर की विकास रैंकिंग में शीर्ष पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. मिजोरम का हनहथियाल जिला सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय विकास सुनिश्चित करने के लिए चुनौतियों से निपटने के प्रयासों के आधार पर पूर्वोत्तर जिलों की नीति आयोग की रैंकिंग में शीर्ष पर है।
नयी दिल्ली, सात जुलाई मिजोरम का हनहथियाल जिला सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय विकास सुनिश्चित करने के लिए चुनौतियों से निपटने के प्रयासों के आधार पर पूर्वोत्तर जिलों की नीति आयोग की रैंकिंग में शीर्ष पर है।
नीति आयोग के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र जिला एसडीजी सूचकांक 2023-24 के दूसरे संस्करण में मिजोरम का हनहथियाल 81.43 अंक के साथ सबसे आगे है, जबकि अरुणाचल प्रदेश का लोंगडिंग जिला 58.71 अंक के साथ पूरे क्षेत्र में सबसे नीचे है।
नीति आयोग ने सोमवार को यह सूचकांक जारी करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर के 85 प्रतिशत जिले 65-99 के कुल स्कोर के साथ अग्रणी श्रेणी में हैं। सूचकांक के पिछले संस्करण में 62 प्रतिशत जिले इस श्रेणी में थे।
आयोग ने कहा, ‘‘यह सूचकांक क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी में सुधार के लिए एक प्रमुख मील का पत्थर है। सूचकांक सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय आयामों में विकास चुनौतियों का समाधान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाने के साथ यह भी सुनिश्चित करता है कि पूर्वोत्तर में कोई भी पीछे न छूटे।’’
नगालैंड के उच्चतम और निम्नतम प्रदर्शन करने वाले जिलों के बीच 15.07 अंक का सर्वाधिक फासला देखने को मिला है जबकि सिक्किम में सबसे कम 5.5 अंक का अंतर दर्ज किया गया है।
पूर्वोत्तर भारत के 131 जिलों में से 121 को इस रैंकिंग में शामिल किया गया है, जबकि 2021 में जारी पिछले संस्करण में 105 जिले शामिल थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 10:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

