देश की खबरें | मिजोरम : एमएनएफ ने जोरमथांगा का इस्तीफा अस्वीकार किया

आइजोल, छह दिसंबर मिजोरम विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने वाली एमएनएफ ने बुधवार को अपने अध्यक्ष जोरमथांगा का इस्तीफा अस्वीकार कर दिया और इस बात पर सहमति जताई की कि वह पद पर बने रहेंगे। पार्टी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एमएनएफ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष तावंलुइया ने कहा कि एमएनएफ की राष्ट्रीय कोर समिति और राजनीतिक मामलों की समिति ने जोरमथांगा के इस्तीफे को अस्वीकार कर दिया और उनके द्वारा हार की नैतिक जिम्मेदारी लेने की सराहना की।

उन्होंने कहा कि बैठक में महसूस किया गया कि चुनाव परिणाम पार्टी की सामूहिक जिम्मेदारी है न कि अकेले अध्यक्ष की।

जोरमथांगा ने 30 वर्षों तक राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। सोमवार को विधानसभा चुनाव की गिनती होने पर पार्टी को मिली हार के बाद उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

जोरमथांगा ने तावंलुइया को भेजे अपने इस्तीफे में कहा, ‘‘ एमएनएफ राज्य विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने में असफल रही। मैं पार्टी प्रमुख के रूप में इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेता हूं। यह मानते हुए कि एमएनएफ अध्यक्ष के रूप में यह मेरा दायित्व है, मैं अध्यक्ष पद से इस्तीफा देता हूं और आपसे इसे स्वीकार करने का अनुरोध करता हूं।’’

मिजोरम विधानसभा चुनाव में एमएनएफ को 40 सदस्यीय सदन में महज 10 सीट पर जीत मिली है जबकि विपक्षी जोराम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) को 27 सीट मिली हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)