एजेंसी न्यूज

मिताली राज और उनकी साथियों ने महिला आईपीएल पर सौरव गांगुली की घोषणा का स्वागत किया

भारतीय महिला एकदिवसीय टीम की कप्तान मिताली राज सहित अन्य क्रिकेटरों ने रविवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली की इस घोषणा का स्वागत किया कि यूएई में पुरुष इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान महिला आईपीएल का आयोजन भी होगा.

मिताली राज और उनकी साथियों ने महिला आईपीएल पर सौरव गांगुली की घोषणा का स्वागत किया
सौरव गांगुली (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली: भारतीय महिला एकदिवसीय टीम की कप्तान मिताली राज सहित अन्य क्रिकेटरों ने रविवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली की इस घोषणा का स्वागत किया कि यूएई में पुरुष इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान महिला आईपीएल का आयोजन भी होगा. मार्च में विश्व टी20 के फाइनल के बाद से महिला टीम ने कोई मैच नहीं खेला है. सिर्फ एकदिवसीय प्रारूप में खेलने वाली मिताली पिछली बार राष्ट्रीय टीम की ओर से नवंबर में खेली थी.

इंग्लैंड का दौरा रद्द होने के बाद महिला टीम को फरवरी-मार्च में न्यूजीलैंड में होने वाले एकदिवसीय विश्व कप से पहले अधिक क्रिकेट खेलने को नहीं मिलेगा.

गांगुली की घोषणा से हालांकि कुछ चिंताएं कम हुई हैं. मिताली ने ट्वीट किया, ‘‘यह शानदार खबर है. हमारा एकदिवसीय विश्व कप अभियान अंतत: शुरू होगा. सौरव गांगुली, बीसीसीआई, जय शाह को धन्यवाद और महिला क्रिकेट को समर्थन के लिए बोरिया मजूमदार को भी धन्यवाद.’’ टीम की सीनियर स्पिनर पूनम यादव ने लिखा ,‘‘अच्छी खबर! धन्यवाद सौरव गांगुली और बीसीसीआई.’’ चार टीमों की महिला आईपीएल का आयोजन एक से 10 नवंबर के बीच होने की संभावना है जबकि महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) 17 अक्टूबर से 29 नवंबर तक निर्धारित है.

यह भी पढ़ें- कुमार संगकारा ने आईसीसी चेयरमैन के लिए सौरव गांगुली को दिया समर्थन

बीसीसीआई के फैसले से हालांकि ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली और न्यूजीलैंड की दिग्गज सूजी बेट्स जैसी बड़ी विदेशी खिलाड़ी ज्यादा उत्साहित नहीं है. हीली ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘ जिन भारतीय खिलाड़ियों के पास पहले से डब्ल्यूबीबीएल का अनुबंध है वे क्या करेंगे? और उस समय दुनिया की सभी बड़ी खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में होंगी? इसके लिए मेरी शुभकामनाएं.’’ बेट्स ने ट्वीट किया, ‘‘ अगर डब्ल्यूबीबीएल और महिला आईपीएल एक साथ हुआ तो यह दोनों के लिए निराशाजनक होगा.’’ ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज रशेल हेन्स ने भी हीली और बेट्स के साथ सहमति व्यक्त की.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘सहमत, अगर यह सच है, तो यह निराशाजनक है. जबकि खेल आगे बढ़ रहा है तो प्रमुख घरेलू प्रतियोगिताओं को एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने की आवश्यकता नहीं है. उनका उपयोग दुनिया भर में इसके विकास का समर्थन करने के लिए किया जा सकता है.’’ जब आईपीएल की तैयारियां जोरों शोरों पर थी तब महिला टीम का इंग्लैंड का दौरा रद्द करने के लिए बीसीसीआई को आलोचना का सामना करना पड़ा था.

यह भी पढ़ें- खेल की खबरें | स्नेहाशीष कोविड-19 से संक्रमित, सौरव गांगुली और अविषेक डालमिया पृथकवास पर

भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुरुष आईपीएल का आयोजन 19 सितंबर से आठ या 10 नवंबर (अंतिम तारीख अभी तय नहीं) के बीच यूएई में किया जाना है. बीसीसीआई प्रमुख के अनुसार महिला आईपीएल को भी कार्यक्रम में जगह दी जाएगी. रविवार को आईपीएल संचालन परिषद की बैठक से पहले गांगुली ने पीटीआई से कहा, ‘‘मैं आपको पुष्टि कर सकता हूं कि महिला आईपीएल की पूरी योजना है और राष्ट्रीय टीम के लिए भी हमारे पास योजना है.’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 02, 2020 08:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).