एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | पर्ड्यू विश्वविद्यालय में लापता हुए भारतीय छात्र की मौत की पुष्टि हुई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. अमेरिका के इंडियाना राज्य में स्थित प्रतिष्ठित पर्ड्यू विश्वविद्यालय के लापता भारतीय छात्र की मौत हो गई है। विश्वविद्यालय ने इसकी पुष्टि की।

विदेश की खबरें | पर्ड्यू विश्वविद्यालय में लापता हुए भारतीय छात्र की मौत की पुष्टि हुई
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

वाशिंगटन, 30 जनवरी अमेरिका के इंडियाना राज्य में स्थित प्रतिष्ठित पर्ड्यू विश्वविद्यालय के लापता भारतीय छात्र की मौत हो गई है। विश्वविद्यालय ने इसकी पुष्टि की।

भारतीय छात्र नील आचार्य रविवार को लापता हो गया था।

पर्ड्यू के परिसर में मौरिस जे. जुक्रो प्रयोगशाला के पास नील का शव मिलने के बाद टिप्पेकेनो काउंटी कोरोनर कार्यालय के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।

विश्वविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान विभाग के अंतरिम प्रमुख क्रिस क्लिफ्टन ने सोमवार को विभाग को भेजे एक ईमेल में कहा, ‘‘बहुत दुख के साथ मैं आपको सूचित कर रहा हूं कि हमारे एक छात्र नील आचार्य का निधन हो गया है। कंप्यूटर विज्ञान विभाग उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करता है। मैं उनके जाने से बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उनके दोस्तों, परिवार और सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं।’’

क्लिफ्टन ने कहा कि नील शैक्षणिक रूप से प्रतिभाशाली छात्र था। उसने कंप्यूटर विज्ञान और डेटा विज्ञान में डिग्री हासिल की थी और वह जॉन मार्टिंसन ऑनर्स कॉलेज में पढ़ता था।

क्लिफ्टन ने स्थानीय ‘पर्ड्यू एक्सपोनेंट’ अखबार को बताया कि उन्हें ‘डीन ऑफ स्टूडेंट्स’ के कार्यालय से नील की मृत्यु की पुष्टि करने वाला ईमेल मिला है।

नील की मौत का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।

नील की मौत की पुष्टि से पहले उसकी मां गौरी आचार्य ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा था, ‘‘हमारा बेटा नील आचार्य कल यानी 28 जनवरी से लापता है। वह अमेरिका में पर्ड्यू विश्वविद्यालय में पढ़ता है। आखिरी बार उसे उबर चालक ने देखा था। उसने उसे पर्ड्यू विश्वविद्यालय में छोड़ा था। अगर आपको कुछ पता है तो कृपया हमारी मदद करें।’’

शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने इस पोस्ट के जवाब में कहा था, ‘‘वाणिज्य दूतावास पर्ड्यू विश्वविद्यालय के अधिकारियों और नील के परिवार के साथ संपर्क में है। वाणिज्य दूतावास हर संभव सहायता प्रदान करेगा।’’

यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब यह खबर सुर्खियों में है कि अमेरिका में जॉर्जिया के लिथोनिया शहर में एक बेघर नशेड़ी ने 25 वर्षीय भारतीय छात्र के सिर पर करीब 50 बार हथौड़े से हमला किया जिससे उसकी मौत हो गई।

अटलांटा में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। दिल दहला देने वाली यह घटना कैमरे में रिकार्ड हो गई जिसमें हमलावर जूलियन फॉकनर हाल में एमबीए करने वाले भारतीय छात्र विवेक सैनी के सिर पर हथौड़े से करीब 50 बार बेरहमी से वार करते नजर आ रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 30, 2024 10:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).