देश की खबरें | बंगाल के उत्तर 24 परगना में बदमाशों ने तृणमूल के दो विधायकों पर हमला किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के दो विधायकों पर उत्तर 24 परगना जिले में बदमाशों ने हमला कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कोलकाता, एक नवंबर पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के दो विधायकों पर उत्तर 24 परगना जिले में बदमाशों ने हमला कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मिनखा से तूणमूल विधायक उषा रानी मंडल को बृहस्पतिवार रात काली पूजा पंडाल से लौटते समय हरोआ इलाके में कथित तौर पर 100 से 150 लोगों ने घेर लिया था।
मंडल ने पुलिस को बताया कि उन्हें वाहन से बाहर निकाला गया और उनके साथ मारपीट की गई, घटना के दौरान कई गोलियां भी चलाई गईं।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अपने वाहन से बाहर निकलने के लिए मजबूर किया गया और मेरे साथ मारपीट की गई। कई गोलियां चलाई गईं।’’
उन्होंने दावा किया कि यह हमला उस नेता ने करवाया, जिसे लोकसभा चुनाव से पहले अवैध गतिविधियों के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।
एक अन्य घटना में, संदेशखालि से तृणमूल विधायक सुकुमार महता पर नजात में काली पूजा कार्यक्रम से लौटते समय हमला किया गया।
महता ने कहा, ‘‘जब मैं काली पूजा पंडाल का उद्घाटन करने के बाद घर लौट रहा था, कुछ बदमाशों ने मेरे वाहन पर हमला कर दिया। मेरे वाहन के साथ चल रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को पीटा गया और एक को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध गतिविधियों के कारण दरकिनार किया गया एक प्रतिद्वंद्वी गुट इस हमले के लिए जिम्मेदार है।
पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है, अब तक कम से कम दो गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और अन्य की तलाश जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)