जरुरी जानकारी | आम बजट, अमेरिकी केंद्रीय बैंक के ब्याज दर पर निर्णय से पहले शेयर बाजार में मामूली बढ़त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को मामूली तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 49 अंक से अधिक के लाभ में रहा। निवेशकों ने केंद्रीय बजट और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर को लेकर निर्णय से पहले सतर्क रुख अपनाया।
मुंबई, 31 जनवरी घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को मामूली तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 49 अंक से अधिक के लाभ में रहा। निवेशकों ने केंद्रीय बजट और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर को लेकर निर्णय से पहले सतर्क रुख अपनाया।
कारोबार के अंतिम घंटे में लिवाली से 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 49.49 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,549.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 59,787.63 अंक तक गया और नीचे में 59,104.59 अंक तक आया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 13.20 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,662.15 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर ग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक, आईटीसी, टाटा मोटर्स और आईसीआईसीआई बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स और एचडीएफसी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू शेयर बाजार का प्रदर्शन दुनिया के अन्य बाजारों की तुलना में हल्का रहा। इसका कारण शेयरों का उच्च मूल्य पर होना है...इसके अलावा बाजार पर अडाणी समूह के मामले का भी असर है। एफआईआई (विदेशी संस्थागत निवेशक) की बिक्री बढ़ी है। अब निवेशकों की नजर बजट और फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति पर है। इसको लेकर बाजार की मिली-जुली राय है।’’
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार में सोमवार को गिरावट रही।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.90 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 6,792.80 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 31, 2023 04:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

