जरुरी जानकारी | बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय का सम्मेलन शुरू, समुद्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने रविवार को केरल के मुन्नार में अपना चिंतन शिविर शुरू किया। इस सम्मेलन का लक्ष्य समुद्री क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विचार-विमर्श करना है।
नयी दिल्ली, 21 मई बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने रविवार को केरल के मुन्नार में अपना चिंतन शिविर शुरू किया। इस सम्मेलन का लक्ष्य समुद्री क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विचार-विमर्श करना है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार शिविर का उद्घाटन बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने किया।
सोनोवाल ने इस मौके पर समुद्री क्षेत्र और इसके प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए इसके प्रति आम लोगों को शिक्षित और जागरूक करने पर जोर दिया।
बयान के अनुसार सम्मेलन में प्रमुख बंदरगाहों के विभागाध्यक्षों के साथ एक विशेष सत्र बंदरगाहों के लिए नवाचार पर केंद्रित था। एक अन्य सत्र लाइटहाउस पर्यटन और जहाज विनिर्माण के बारे में था।
आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस मौके पर विभिन्न संगठनों के प्रतिभागियों ने अपने विचार साझा किए।
बयान में कहा गया कि चिंतन शिविर के दूसरे दिन प्रमुख बंदरगाहों द्वारा माल को संभालना, 'पोर्ट कॉल' प्रक्रियाओं में सुधार और अनुकूलन, डिजिटलीकरण और मानकीकरण, अंतर्देशीय जलमार्ग और तटीय पोत परिवहन पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)