देश की खबरें | रक्षा मंत्रालय ने तेलंगाना में आदिलाबाद हवाई अड्डे के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी

हैदराबाद, तीन अप्रैल रक्षा मंत्रालय ने निजाम काल में स्थापित हुए आदिलाबाद हवाई अड्डे पर नागरिक विमान परिचालन के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।

तेलंगाना सरकार को लिखे पत्र में रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय वायु सेना (आईएएफ) भविष्य में उस स्थान पर एक प्रशिक्षण प्रतिष्ठान स्थापित करने की योजना बना रही है।

पत्र में कहा गया है, ‘‘हालांकि, भारतीय वायुसेना ने अनुरोध पर विचार किया है और आदिलाबाद हवाई क्षेत्र से नागरिक विमान परिचालन के लिए तेलंगाना सरकार के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक रूप से सहमति व्यक्त की है।’’

दिसंबर, 2023 में राज्य में कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद से यह केंद्र द्वारा स्वीकृत दूसरा हवाई अड्डा है।

तेलंगाना के मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने स्वीकृति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू को धन्यवाद दिया।

फरवरी में वारंगल में ममनूर हवाई अड्डे के लिए इसी प्रकार की मंजूरी दी गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)