देश की खबरें | खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने स्पेशल ओलंपिक भारत फुटबॉल टीम की सराहना की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने स्वीडन के गोथेनबर्ग में आयोजित गोथिया कप में स्पेशल ओलंपिक भारत की लड़कों की फुटबॉल टीम के अपना खिताब बचाने की उपलब्धि की सोमवार को सराहना की।
नयी दिल्ली, 21 जुलाई केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने स्वीडन के गोथेनबर्ग में आयोजित गोथिया कप में स्पेशल ओलंपिक भारत की लड़कों की फुटबॉल टीम के अपना खिताब बचाने की उपलब्धि की सोमवार को सराहना की।
भारतीय टीम ने पोलैंड को 3-1 से हराकर ट्रॉफी बरकरार रखी जो उन्होंने पिछले साल भी जीती थी।
टूर्नामेंट में भारत के लिए साहिर मुहम्मद ने सात गोल किए जबकि अंकुश कुमार ने तीन और स्टालिन कुमार ने दो गोल दागे। तरुण कुमार और बिकी दुले ने एक-एक गोल किया।
वर्ष 2011 में स्थापित गोथिया कप सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय युवा फुटबॉल टूर्नामेंट है जिसमें स्पेशल ओलंपिक ट्रॉफी श्रेणी है।
खडसे ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘गोथिया कप में हमारी स्पेशल ओलंपिक भारत टीम की उपलब्धियां दृढ़ संकल्प, लचीलेपन और प्रत्येक व्यक्ति में निहित असीम क्षमता का गहरा प्रमाण हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह विकसित भारत के वास्तविक सार को दर्शाता है - एक ऐसा विकसित भारत जहां प्रत्येक नागरिक सशक्त हो, सम्मानित हो और हमारे राष्ट्र के सामूहिक गौरव में महत्वपूर्ण योगदान दे। हमारे चैंपियनों ने केवल एक टूर्नामेंट नहीं जीता है, उन्होंने बाधाओं को तोड़ा है और रूढ़िवादिता को तोड़ा है जिससे हमारे देश और उसके बाहर अनगिनत लोगों को प्रेरणा मिली है।’’
भारतीय दल में 10 खिलाड़ी और सात सहायक कर्मचारी शामिल थे जिन्हें खेल मंत्रालय का पूरा समर्थन प्राप्त था।
गोथिया कप के इस सत्र में 70 से अधिक देशों की 1900 से अधिक टीम ने हिस्सा लिया जिससे यह दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे समावेशी युवा फुटबॉल टूर्नामेंट बन गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 21, 2025 07:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

