देश की खबरें | मध्य प्रदेश के मंत्री की अर्धनग्न प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश सरकार ने कुछ सरकारी कर्मचारियों द्वारा अर्धनग्न होकर हाल ही में प्रदर्शन करने पर मंगलवार को नाराजगी जतायी और चेतावनी दी है कि ऐसा करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भोपाल, तीन अगस्त मध्य प्रदेश सरकार ने कुछ सरकारी कर्मचारियों द्वारा अर्धनग्न होकर हाल ही में प्रदर्शन करने पर मंगलवार को नाराजगी जतायी और चेतावनी दी है कि ऐसा करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि विपक्षी दल कांग्रेस ने कहा कि बेहतर होता कि राज्य की भाजपा सरकार अपने कर्मचारियों के कपड़ों की बजाय उनकी जायज मांगों के बारे में विचार करती।
मालूम हो मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कर्मचारियों ने संविलियन, अनुकंपा नियुक्ति, नियमितीकरण एवं वेतन वृद्धि जैसी अपनी 15 मांगों को लेकर पिछले सप्ताह समूचे प्रदेश में अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया था।
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘जो कर्मचारी अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करते हैं, इस विषय पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मंत्रिमंडल की बैठक में नाराजगी व्यक्त की है। वे शासकीय सेवक होते हैं और ऐसा कृत्य करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अनुशासनहीनता की परिधि में आने वाला कोई भी आंदोलन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’
हालांकि प्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की मांगों पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘आज प्रदेश के कर्मचारीगण अपनी वर्षों पुरानी जायज मांगों को लेकर भरी बारिश में सड़कों पर उतरकर शिवराज सरकार को नींद से जगाने के लिए अर्धनग्न होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन बड़े ही शर्म की बात है कि ख़ुद को संवेदनशील बताने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री को कर्मचारियों का अर्धनग्न होकर किया गया प्रदर्शन ही दिखाई दिया, उन्हें उनकी जायज मांगे दिखाई नहीं दी।’’
उन्होंने कहा कि बेहतर होता मुख्यमंत्री को कर्मचारियों के कपड़ों की बजाय उनकी जायज मांगे दिखाई देती।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)