जरुरी जानकारी | महत्वपूर्ण खनिजों के लिए नीति पर काम कर रहा खान मंत्रालय

नयी दिल्ली, 27 नवंबर खान मंत्रालय महत्वपूर्ण खनिजों के लिए एक नीति तैयार करने की प्रक्रिया में है जिसमें इन जरूरी संसाधनों की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए एक व्यवस्थित खाका शामिल होगा। सोमवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

तांबा, लिथियम, निकल, कोबाल्ट और दुर्लभ खनिज जैसे महत्वपूर्ण खनिज आज पवन टरबाइन और बिजली नेटवर्क से लेकर इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) तक तेजी से वृद्धि कर रही स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों में जरूरी तत्व हैं।

खान मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “यह रणनीति महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती को सुनिश्चित करने में भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की जिम्मेदारियां भी तय करेगी।”

मंत्रालय धातुओं के पुनर्चक्रण के लिए भी एक रणनीति तैयार कर रहा है। यह पुनर्चक्रण क्षमता को बढ़ाने और पुनर्चक्रण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने और खनिज प्रसंस्करण और कच्चे माल की विनिर्माण क्षमताओं को संयुक्त रूप से विकसित करने के लिए भागीदार देशों के साथ भी काम करने में मदद करेगी।

खान मंत्रालय खनिज सुरक्षा साझेदारी (एमएसपी), ऑस्ट्रेलिया-भारत आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते जैसी नई साझेदारियों और गठबंधनों में सक्रिय रूप से शामिल है।

खान मंत्रालय बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में 'महत्वपूर्ण खनिजों की वैश्विक कार्रवाई को आगे बढ़ाने में सरकार और उद्योग की भूमिका' पर एक कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है।

इस कार्यक्रम में विभिन्न देशों के राजदूतों के साथ-साथ भारत में कंपनियों के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित पक्ष शामिल होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)