देश की खबरें | दक्षिण दिल्ली में अधेड़ ने घर में आग कर आत्महत्या की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण दिल्ली में एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने घर में आग लगा कर बृहस्पतिवार को आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 23 मई दक्षिण दिल्ली में एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने घर में आग लगा कर बृहस्पतिवार को आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान संगम विहार के बुध बाजार निवासी लईक अहमद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात 12.35 बजे एक घर में आग लगने और सिलेंडर फटने की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ''पुलिस की एक टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। घर धूं-धूं कर जल रहा था। दमकल की दो गाड़ियां पहले ही मौके पर पहुंच चुकी थीं और आग बुझा रही थीं। आग बुझने के बाद उन्हें अहमद का जला हुआ शव मिला।''
शुरुआती पूछताछ में पुलिस को पता चला कि अहमद शराबी था और मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
अधिकारी ने बताया, ''उनका 21 वर्षीय बेटा घटना के समय अपने काम पर था। वह नोएडा में कार्यरत है।''
उन्होंने बताया कि अहमद ने अपनी पत्नी को किसी काम से बाहर भेजा था। इसके बाद उसने दरवाजा बंद कर दिया और अपने घर में आग लगा दी।
उन्होंने बताया, ''जब उसकी पत्नी वापस आई तो उसने देखा कि घर में आग लग गई है, जिसके बाद उसने शोर मचाया।''
पुलिस के मुताबिक मौके पर अपराध टीम को बुलाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)