दिल्ली के सील किए गए क्षेत्रों में सूक्ष्म निषिद्ध क्षेत्र घोषित किए जाएं: बैजल
जमात

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल दिल्ली के उप राज्यपाल (एलजी) अनिल बैजल ने मंगलवार को सभी जिला मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र में कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए “सूक्ष्म निषिद्ध क्षेत्र” (माइक्रो कंटेनमेंट जोन) घोषित करने की रणनीति पर काम करें।

एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इस योजना के अनुसार बड़े क्षेत्रों की अपेक्षा संक्रमण की चपेट में आए छोटे क्षेत्रों को चिह्नित कर सूक्ष्म निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया जाएगा।

दिल्ली के जहांगीपुरी समेत कुछ निषिद्ध क्षेत्रों में कोविड-19 संक्रमण के कई मामले सामने आने और प्रतिबंध के बावजूद लोगों को घरों के बाहर घूमते पाए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया।

वर्तमान में किसी क्षेत्र में संक्रमण का मामला सामने आने के बाद अधिकारियों द्वारा वहां आने जाने का रास्ता बंद कर दिया जा रहा है और लोगों को उनके घरों से निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

आवश्यक वस्तुएं सबके घर तक पहुंचाई जा रही हैं।

अधिकारी ने पीटीआई- से कहा, “कुछ निषिद्ध क्षेत्रों में लोग सड़कों पर लोग घूम रहे हैं और लोगों से मिल रहे हैं। सभी जिला मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया गया है कि वे ‘सूक्ष्म निषिद्ध क्षेत्र’ घोषित करने की रणनीति पर अमल करें जिसके तहत छोटे क्षेत्रों को चिह्नित कर निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया जाएगा ताकि लोगों को आने-जाने से पूरी तरह रोका जा सके।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)