देश की खबरें | आलोचना के बाद मिया खलीफा ने किसान प्रदर्शन का फिर किया समर्थन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. किसान प्रदर्शनों का समर्थन करने के बाद आलोचनाओं का सामना कर रही वयस्क फिल्मों की पूर्व कलाकार मिया खलीफा ने शुक्रवार को कहा कि वह ‘‘अब भी किसानों के साथ खड़ी हैं।’’
मुम्बई, पांच फरवरी किसान प्रदर्शनों का समर्थन करने के बाद आलोचनाओं का सामना कर रही वयस्क फिल्मों की पूर्व कलाकार मिया खलीफा ने शुक्रवार को कहा कि वह ‘‘अब भी किसानों के साथ खड़ी हैं।’’
पॉप गायिका रिहाना के किसानों के आंदोलन की ओर ध्यान आकर्षित करने वाले ट्वीट करने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय कई कलाकारों, कार्यकर्ताओं और राजनेताओं ने किसानों के साथ एकजुटता दिखाई थी। खलीफा ने भी इसी संबंध में ट्वीट किया था।
विदेश मंत्रालय ने इसकी निंदा करते हुए कहा था कि कुछ निहित स्वार्थी समूह प्रदर्शनों पर अपना एजेंडा थोपने का प्रयास कर रहे हैं। संसद में पूरी चर्चा के बाद पारित कृषि सुधारों के बारे में देश के कुछ हिस्सों में किसानों के बहुत ही छोटे वर्ग को कुछ आपत्तियां हैं और विरोध प्रदर्शन के बारे में टिप्पणी करने की जल्दबाजी से पहले तथ्यों की जांच-परख की जानी चाहिए।
खलीफा (27) ने ट्विटर पर उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों के समूह की तस्वीरें साझा की। तस्वीर में कुछ लोग तख्तियां लिए नजर आ रहे हैं, जिसमें उनके, रिहाना और स्वीडन की जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग के खिलाफ नारे लिखे हैं।
एक तख्ती पर लिखा है, ‘‘ मिया खलीफा होश में आओ।’’
खलीफा ने ये तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘‘ इसकी पुष्टि करते हुए कि मैं होश में आ गई हूं और चिंता करने के लिए शुक्रिया। हालांकि मैं अब भी किसानों के साथ हूं।’’
इससे पहले खलीफा ने प्रदर्शन स्थलों के आसपास इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने की आलोचना की थी।
उन्होंने ट्वीट किया था, ‘‘ मानवाधिकार उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने नई दिल्ली के आसपास इंटरनेट बंद कर दिया है। किसान आंदोलन।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)