तंजावुर (तमिलनाडु), 25 जनवरी तमिलनाडु के दिवंगत मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन की एक प्रतिमा मंगलवार को यहां क्षतिग्रस्त पाई गई। विपक्षी दल अन्नाद्रमुक ने इस घटना की कड़ी निंदा की और बर्बरता के लिए जिम्मेदार ‘‘असामाजिक तत्वों’’ के खिलाफ कार्रवाई का आह्वान किया है।
पुलिस ने बताया कि एमजीआर के नाम से पहचाने जाने वाले अन्नाद्रमुक के संस्थापक रामचंद्रन की नॉर्थ मेन स्ट्रीट पर लगी आवक्ष प्रतिमा मंगलवार सुबह क्षतिग्रस्त पाई गई। मामले की जांच जारी है।
मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं के एकत्रित होने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
अन्नाद्रमुक ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पार्टी संस्थापक की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने के लिए ‘‘असामाजिक तत्वों’’ को जिम्मेदार ठहराया है।
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं अन्नाद्रमुक के संयुक्त समन्वयक के. पलानीस्वामी ने ‘‘पुराची थलाइवर’’ (क्रांतिकारी नेता) को बदनाम करने के हर प्रयास की निंदा की और सरकार से इस मामले पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया।
पलानीस्वामी ने सिलसिलेवार किए ट्वीट में समाज के गरीब तबके के लिए दिवंगत मुख्यमंत्री के जन-समर्थक उपायों की सराहना की और कहा कि इन कार्यों के दम पर ही उन्होंने हमेशा के लिए लोगों के दिल में जगह बनाई है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ मैं, तंजावुर में असामाजिक तत्वों द्वारा एमजीआर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की कड़ी निंदा करता हूं। पुराची थलाइवर को बदनाम करने और सार्वजनिक शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सरकार को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। अगर इस तरह की शरारती घटनाएं जारी रहती हैं, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।’’
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता ऐसी घटनाओं पर चुप नहीं रहेंगे और ऐसी हरकत से दिवंगत नेता की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आएगी।
अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) के टीटीवी दिनाकरण ने भी इस घटना की निंदा की। उन्होंने तर्कवादी नेता एवं द्रविड़ कषगम के संस्थापक ईवी रामासामी पेरियार की प्रतिमाओं के साथ हुई बर्बरता के उदाहरणों का हवाला देते हुए कहा कि राज्य में नेताओं की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटनाओं को रोका जाना चाहिए।
उन्होंने एमजीआर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त पुलिस कार्रवाई का आह्वान किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY