Himachal Pradesh Weather Update: मौसम विभाग ने हिमाचल के सात जिलों में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी, ‘रेड’ अलर्ट किया जारी
शिमला में मौसम विभाग कार्यालय ने हिमाचल प्रदेश के सात जिलों के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी करते हुए आठ-नौ जुलाई को अत्यधिक भारी बारिश होने की चेतावनी दी है.
शिमला, आठ जुलाई: शिमला में मौसम विभाग कार्यालय ने हिमाचल प्रदेश के सात जिलों के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी करते हुए आठ-नौ जुलाई को अत्यधिक भारी बारिश होने की चेतावनी दी है. मौसम विभाग ने एक बयान में कहा कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण आठ-नौ जुलाई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की आशंका है. यह भी पढ़ें: Amarnath Yatra 2023: खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से हुई निलंबित
अत्यधिक भारी बारिश से संबंधित ‘रेड’ अलर्ट एक दिन में 204 मिलीमीटर से अधिक बारिश की संभावना को दर्शाता है. मौसम विभाग ने शिमला, सिरमौर, सोलन और लाहौल एवं स्पीति के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी करते हुए वहां आठ-नौ जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी है. विभाग ने राज्य में 13 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है.
मौसम विभाग ने कांगड़ा, चंबा, शिमला, मंडी, कुल्लू, सिरमौर, सोलन और ऊना में नदियों में बाढ़ आने की आशंका को लेकर भी सतर्क किया है तथा निचले एवं मध्य पर्वतीय इलाकों में पानी, बिजली की आपूर्ति एवं संचार की सुविधाओं में रुकावट की भी आशंका जताई है. भारी बारिश के कारण कभी-कभी दृश्यता में कमी हो सकती है और लोगों को उन क्षेत्रों से बचने की सलाह दी गई है, जहां जलजमाव की समस्या रहती है.
ब्यास नदी और उसकी सहायक नदियों के खतरे के निशान से ऊपर बहने की सूचना है। बारिश के कारण 91 सड़कें वाहनों के आवागमन के लिए बंद हैं और 73 जल आपूर्ति योजनाएं और 69 ट्रांसफॉर्मर बाधित हुए हैं. राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, इस मॉनसून के मौसम के दौरान हिमाचल प्रदेश को अब तक 352 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2023 04:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

