देश की खबरें | चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य ने नेपाल के राष्ट्रपति से मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने रविवार को यहां चीन के एक नेता से हुई मुलाकात के दौरान कहा कि दोनों देश प्राचीन काल से ही अच्छे पड़ोसी रहे हैं।
काठमांडू, 23 जुलाई नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने रविवार को यहां चीन के एक नेता से हुई मुलाकात के दौरान कहा कि दोनों देश प्राचीन काल से ही अच्छे पड़ोसी रहे हैं।
चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) के पोलित ब्यूरो सदस्य युआन जियाजुन 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नेपाल की तीन दिवसीय यात्रा पर रविवार को यहां पहुंचे।
राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा कि युआन ने राष्ट्रपति कार्यालय ‘शीतल निवास’ में पौडेल से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों व आपसी हितों पर चर्चा की।
पौडेल ने कहा, “नेपाल और चीन प्राचीन काल से ही अच्छे पड़ोसी रहे हैं। इस तरह की उच्चस्तरीय यात्राओं से बहुआयामी द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।”
युआन रविवार को सिंघा दरबार में नेपाल के उपप्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री पूर्ण बहादुर खड़का तथा सीपीएन (माओइस्ट सेंटर) के कार्यवाहक अध्यक्ष नारायण काजी श्रेष्ठ के साथ अलग-अलग बैठकें कर सकते हैं।
अपनी यात्रा के दौरान युआन के यहां अन्य राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करने की उम्मीद है।
युआन श्रीलंका की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद काठमांडू पहुंचे हैं। श्रीलंका में उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे समेत कई नेताओं से मुलाकात की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)