जरुरी जानकारी | रूस में अपना कारोबार बेचेगी मैकडॉनल्ड्स, अभी कर्मचारियों को भुगतान जारी रखेगी

मैकडॉनल्ड्स यूक्रेन पर हमले के बाद रूस से बाहर निकलने वाली पश्चिम की एक और प्रमुख कंपनी है।

कंपनी ने युद्ध के कारण मानवीय संकट की ओर इशारा करते हुए कहा कि रूस में कारोबार करना अब ‘‘उचित नहीं है और न ही यह मैकडॉनल्ड्स के मूल्यों के अनुरूप है।’’

शिकॉगो स्थित कंपनी ने मार्च की शुरुआत में कहा था कि वह अस्थायी रूप से रूस में अपने स्टोर बंद कर रही है, लेकिन कर्मचारियों को भुगतान करना जारी रखेगी।

कंपनी ने सोमवार को कहा कि वह इस बात की संभावनाएं तलाश रही है कि कोई रूसी खरीदार इन श्रमिकों को काम पर रख ले। कंपनी ने कहा कि वह बिक्री बंद रहने तक उन्हें भुगतान करती रहेगी। मैकडॉनल्ड्स ने संभावित खरीदार की पहचान नहीं बताई।

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) क्रिस केम्पजिंस्की ने कहा कि कर्मचारियों और सैकड़ों रूसी आपूर्तिकर्ताओं के मैकडॉनल्ड्स के प्रति समर्पण के चलते यह फैसला काफी कठिन था।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘हालांकि, वैश्विक समुदाय के लिए हमारी प्रतिबद्धता है और हमें अपने मूल्यों पर दृढ़ रहना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)