मई में दिल्ली समेत उत्तर भारत में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना: आईएमडी
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी समेत उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में मई के महीने में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है और दो से चार दिन लू चल सकती है.
नयी दिल्ली, 1 मई : भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी समेत उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में मई के महीने में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है और दो से चार दिन लू चल सकती है. आईएमडी प्रमुख मृत्युजंय महापात्र ने डिजिटल माध्यम से एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों तथा प्रायद्वीप भारत को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है.
उनके मुताबिक, उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों तथा प्रायद्वीप भारत में पारा सामान्य से नीचे रहने की संभावना है. महापात्र ने बताया कि इसी तरह उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों, गंगा के मैदानी इलाकों, मध्य भारत और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों को छोड़कर देश के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रह सकता है.उन्होंने बताया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर राजस्थान में मई के महीने में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान है. यह भी पढ़ें : सीबीआई ने जमीन हथियाने के माममले में शाहजहां शेख के फरार भाई को समन जारी किया
महापात्र ने देश के अधिकतर हिस्सों में सामान्य से ज्यादा बारिश होने का भी अनुमान जताया है. उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना और तमिलनाडु में सामान्य से सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है. महापात्र ने बताया कि ओडिशा के कई हिस्से, उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड, दक्षिण पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर के कुछ हिस्से, आंध्र प्रदेश के रायलसीमा और केरल में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2024 05:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

