देश की खबरें | मथुरा : श्री बांके बिहारी गलियारा के विरोध में गोस्वामी समाज की महिलाओं का प्रदर्शन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में श्री बांके बिहारी मंदिर में प्रस्तावित कॉरिडोर (गलियारा) के विरोध में गोस्वामी समुदाय की महिलाओं ने शनिवार को राज्य के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के सामने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
मथुरा, 19 जुलाई उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में श्री बांके बिहारी मंदिर में प्रस्तावित कॉरिडोर (गलियारा) के विरोध में गोस्वामी समुदाय की महिलाओं ने शनिवार को राज्य के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के सामने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
गोस्वामी समाज की महिलाओं ने यह प्रदर्शन उस समय किया, जब मंत्री शर्मा ठाकुरजी का आशीर्वाद लेने बांके बिहारी मंदिर गए थे।
महिलाएं काले दुपट्टे लहराते हुए कॉरिडोर के खिलाफ नारे लगा रही थीं। इस दौरान हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि मंदिर के सेवयतों ने मंत्री को प्रसाद और पटका भी नहीं दिया।
दरअसल, विवाद उस समय बढ़ गया जब सदर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संदीप सिंह ने गोस्वामी परिवार की महिलाओं के हाथों से साइनबोर्ड छीन लिए। सूत्रों ने बताया कि इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसमें वे सेवायत गोस्वामी बृजेन्द्र किशोर को धक्का देते भी दिखाई दे रहे हैं। इसी बात से नाराज होकर मंत्री को न तो प्रसाद दिया गया और न ही पटका।
बाद में, शर्मा ने चार महिला प्रदर्शनकारियों को बुलाया और उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें आश्वासन दिया कि वह उनकी चिंताओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने रखेंगे। मंत्री ने कहा कि श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन पाकर वह खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "कॉरिडोर या कोई भी विकास परियोजना नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जाती है और भारतीय जनता पार्टी इस मामले में बेहद संवेदनशील है। भाजपा इस बात पर जोर देती है कि सभी हितधारकों के हितों का ध्यान रखा जाएगा।"
इसके पहले मंत्री एके शर्मा ने शनिवार को वृन्दावन में न्यू पागल बाबा विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण करते समय कहा कि इस उपकेंद्र के संचालन से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अधिक सुचारू और निर्बाध बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ यहां आने वाले दर्शनार्थियों को भी असुविधा से मुक्ति मिलेगी।
शर्मा ने शनिवार को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के अंतर्गत वृन्दावन स्थित न्यू पागल बाबा विद्युत उपकेंद्र का विधिवत लोकार्पण किया। वह तुलसी तपोवन गौशाला में विश्व जागरण मानव सेवा संघ चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित गौ-महोत्सव में सम्मिलित हुए। उन्होंने गौशाला के 'गोकुल गृह' खण्ड का उद्घाटन करते हुए कहा कि ब्रज की रज और ब्रज की महिमा की तरह गौ सेवा भी अत्यंत पुण्यकारी और लोकोपकारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2025 09:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

